जलभराव को लेकर नगर निगम का एक्शन प्लान तैयार, 24 घंटे में शुरू होंगे छोटे निर्माण कार्य

Press Release उत्तर प्रदेश

—- रोज शाम होगी समीक्षा , रात की बारिश में पंप संचालन के लिए अलग ड्यूटी; नालों का दोबारा निरीक्षण कराने के निर्देश

आगरा। बरसात के मौसम में शहर को जलभराव से राहत दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने 10 दिनों का विशेष एक्शन प्लान तैयार किया है। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) में सभी जोनल अधिकारियों, सहायक अभियंताओं, जूनियर इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जलभराव से जुड़ी छोटी-छोटी समस्याओं का भी तत्काल समाधान किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अगले 10 दिनों तक शहर में जलभराव से जुड़े छोटे निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। यदि किसी क्षेत्र में मैनहोल का ढक्कन लगाना हो, जलभराव की समस्या दूर करनी हो, छोटी पुलिया या नाली का निर्माण कराना हो अथवा किसी नाली को सीवर लाइन से जोड़ना हो, तो सफाई एवं खाद्य निरीक्षक (एसएफआई) सीधे संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) को सूचना देंगे। सूचना प्राप्त होने के बाद संबंधित जेई को 24 घंटे के भीतर कार्य प्रारंभ कराना होगा तथा उसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करना होगा।
इस दौरान एसएफआई को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सभी प्रमुख और छोटे नालों का पुनः निरीक्षण करें। नालों की टेल-एंड तक झाड़-झंखाड़, सिल्ट और कचरे की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि वर्षा के दौरान पानी की निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि निरीक्षण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए। व्यवस्था को और सख्त बनाते हुए अगले 10 दिनों तक प्रतिदिन शाम को निर्माण एवं सफाई कार्यों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन बैठकों में प्रत्येक जोन के कार्यों की दैनिक समीक्षा की जाएगी, लंबित मामलों पर जवाबदेही तय होगी तथा जिन क्षेत्रों में कार्यों की गति धीमी होगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
बैठक में रात्रिकालीन तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यदि रात में बारिश होती है तो जलभराव की स्थिति से तुरंत निपटने के लिए पंप संचालन हेतु अलग से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। संबंधित टीमें रात में ही पंप संचालित कर जल निकासी सुनिश्चित करें, जिससे सुबह लोगों को सड़कों पर जलभराव का सामना न करना पड़े और यातायात सामान्य बना रहे।

—- नगर आयुक्त का वर्जन:

“बरसात के दौरान नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अगले 10 दिनों तक सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ कार्य करेंगे। छोटी से छोटी समस्या का भी 24 घंटे के भीतर समाधान शुरू कराया जाएगा। नालों की सफाई, जल निकासी और पंप संचालन की लगातार निगरानी की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

– संतोष कुमार वैश्य, नगर आयुक्त

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *