नगर निगम ने दी बांईंपुर को बड़ी सौगात : करोड़ों की लागत से नाला और सड़क निर्माण, खत्म होगी जलभराव की समस्या

Press Release उत्तर प्रदेश

—-3.42 करोड़ से नाला व 3.60 करोड़ से हाटमिक्स सड़क का निर्माण
—– नौ सौ मीटर लंबे नाले को नगर निगम सीमा स्थित एन एच के नाले से जोड़ा गया

आगरा। बरसात आते ही बांईंपुर और आसपास की कॉलोनियों में घुटनों तक पानी भर जाना अब बीते दिनों की बात होगी। वर्षों पुरानी इस समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने 3.42 करोड़ रुपये की लागत से 900 मीटर लंबा और डेढ़ मीटर चौड़ा आरसीसी नाला बनवाया है। खास बात यह है कि यह नाला पूरी तरह से कवर्ड रहेगा, जिससे हादसों की आशंका भी खत्म हो जाएगी।

—– आधा दर्जन कॉलोनियों के हजारों लोगों को मिलेगा सीधा फायदा—–

वार्ड 88 स्थित बांईंपुर, गायत्री बिहार और आसपास की आधा दर्जन कॉलोनियों में रहने वाले सैकड़ों परिवार अब बारिश में जलभराव से परेशान नहीं होंगे। नाला सीधे नगर निगम सीमा में स्थित एनएच के नाले से जोड़ा गया है, जिससे पानी का त्वरित निकास सुनिश्चित होगा।

—– सड़क और यातायात सुविधाओं में भी सुधार —–

नाले के साथ-साथ यहां की सड़क को हॉटमिक्स से नया रूप दिया जा रहा है। ऊबड़-खाबड़ रास्तों की जगह अब लोग स्मूद और सुरक्षित सड़क पर सफर करेंगे। वहीं नाले और सड़क के बीच इंटरलॉकिंग और लाइटिंग का काम भी कराया जा रहा है। इन कामों के बाद यहां का पूरा इलाका संपूर्ण विकास की तस्वीर पेश करेगा।इस कार्य पर भी नगर निगम द्वारा 3.60 करोड़ रुपया व्यय किया जा रहा है।

—– नगर आयुक्त बोले –

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि “बांईंपुर क्षेत्र में जलभराव की समस्या वर्षों से बनी हुई थी। नगर निगम ने इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया है। कवर्ड नाला बनाकर सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है। सड़क और इंटरलॉकिंग का काम पूरा होने पर यहां के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा भी मिलेगी। हमारा लक्ष्य है कि शहर के हर हिस्से में नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *