बरसात से पहले एक्शन मोड में नगर निगम, शहर के सभी नालों का होगा सुरक्षा सर्वे

Press Release उत्तर प्रदेश

— नालों पर जाली, दीवार और बैरिकेडिंग के होंगे इंतजाम, हादसों की आशंका के मद्देनजर नगर आयुक्त के निर्देश

आगरा। बरसात के मौसम में नालों के आसपास होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम ने व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। हाल ही में नाला काजी पाड़ा क्षेत्र में सुरक्षा दीवार के कई स्थानों से क्षतिग्रस्त होने संबंधी जानकारी के बाद नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शहर के सभी बड़े और छोटे नालों का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त के निर्देश पर कार्यवाहक मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को आदेशित किया गया है कि नगर निगम क्षेत्र के सभी नालों, पुलियों एवं जल निकासी स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए तथा जहां भी सुरक्षा की दृष्टि से खतरा दिखाई दे, वहां तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएं। इसमें नालों के ऊपर मजबूत जाली लगाना, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण, बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक बोर्ड तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था शामिल रहेगी।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि बरसात के दौरान जलभराव और तेज बहाव की स्थिति में खुले अथवा क्षतिग्रस्त नाले दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार मानसून से पहले ही शहरभर में नालों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की योजना तैयार की गई है।
मुख्य अभियंता को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि जिन स्थानों पर पूर्व में दुर्घटनाएं हो चुकी हैं अथवा जहां नागरिकों द्वारा शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही जोनवार टीमों को नियमित मॉनिटरिंग और निरीक्षण के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न हो। नगर निगम द्वारा यह अभियान केवल मरम्मत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक समाधान पर भी कार्य किया जाएगा। शहर के संवेदनशील इलाकों में स्थायी सुरक्षा दीवारों और मजबूत कवरिंग की व्यवस्था कराई जाएगी, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।

वर्जन::::::
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बरसात के मौसम में नालों के आसपास किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए सभी नालों का सर्वे कराया जा रहा है। जहां आवश्यकता होगी वहां जाली, सुरक्षा दीवार, बैरिकेडिंग एवं अन्य सुरक्षात्मक उपाय तत्काल कराए जाएंगे। सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मानसून से पहले सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *