नमामि गंगे पाइपलाइन के बाद धंसी सड़क की मरम्मत नगर निगम ने शुरू कराई

Press Release उत्तर प्रदेश

—– भराई कार्य कर सड़क को सुरक्षित बनाने की कवायद
—– फतेहाबाद रोड पर कई स्थानों पर धंस गई है सड़क

आगरा।शहर में नमामि गंगे परियोजना के तहत डाली गई सीवर एवं पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सडक फतेहाबाद रोड बसई के आसपास कई स्थानों पर धंस गई। पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क का हिस्सा बैठ जाने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर भराई एवं मरम्मत कार्य शुरू करा दिया है।

क्षेत्रीय अवर अभियंता कृष्ण गोपाल के अनुसार नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत पाइपलाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी। पाइपलाइन बिछाने के बाद तकनीकी कारणों और मिट्टी के बैठने से सड़क का एक हिस्सा धंस गया। सड़क धंसने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। स्थानीय निवासियों द्वारा समस्या की शिकायत किए जाने पर नगर निगम की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई शुरू कर दी। नगर निगम के अधिकारियों की निगरानी में धंसे हुए हिस्से में मिट्टी एवं अन्य निर्माण सामग्री डालकर भराई का कार्य कराया जा रहा है। इसके बाद सड़क को समतल कर उसकी मजबूती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में दोबारा इस प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। संबंधित विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि पाइपलाइन कार्य के बाद सड़कों की गुणवत्ता और पुनर्स्थापना पर विशेष ध्यान दिया जाए।

—- नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि नमामि गंगे परियोजना के तहत जिन स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क धंसने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं भराई कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क पुनर्स्थापना कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *