
—- अब सड़कें नहीं, बनेंगी ‘स्मार्ट ग्रीन कॉरिडोर’
—- मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने किया शिलान्यास
आगरा। शहर के बुनियादी ढांचे को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने शनिवार को मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के तहत विकसित की जाने वाली महत्वपूर्ण सड़कों का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने भी सहभागिता करते हुए योजना के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि इन परियोजनाओं से शहर की यातायात व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम का उद्देश्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी क्षेत्रों में ऐसी एकीकृत और आधुनिक सड़कें विकसित करना है जो नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल आवागमन उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद आगरा की कई प्रमुख सड़कें स्मार्ट ग्रीन कॉरिडोर के रूप में विकसित होंगी।
सरकार द्वारा ताजनगरी को दी गई सौगात की सराहना करते हुए महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने इस संबंध में कहा कि मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के अंतर्गत 10 मीटर से 45 मीटर तक राइट ऑफ वे वाली महत्वपूर्ण शहरी सड़कों को “इंटीग्रेटेड ग्रीन रोड्स/कम्प्लीट स्ट्रीट्स” के रूप में विकसित किया जाना है। योजना के तहत सड़क निर्माण के साथ-साथ यूटिलिटी डक्ट, फुटपाथ, हरित क्षेत्र, ड्रेनेज सिस्टम, आधुनिक स्ट्रीट लाइट, बस स्टॉप, ईवी चार्जिंग स्टेशन, पार्किंग, पैदल यात्री सुविधाएं, सड़क सुरक्षा उपाय, साइनेज और लैंडस्केपिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में शुरू हुई इस योजना में नगर निगम आगरा को प्रारंभिक चरण में शामिल नहीं किया गया था, क्योंकि नगर निगम का स्व-राजस्व संग्रह निर्धारित मानकों से कम था। शासन के निर्देशों के बाद नगर निगम ने अपने राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि की, जिसके परिणामस्वरूप वित्तीय वर्ष 2024-25 में आगरा को योजना के दूसरे चरण में शामिल किया गया।

योजना के तहत कुल 276.60 करोड़ रुपये की लागत से 11.73 किलोमीटर लंबाई के चार प्रमुख मार्गों का समेकित विकास एवं उन्नयन किया जाएगा। इनमें हरीपर्वत क्रॉसिंग से रवि हॉस्पिटल एवं दिल्ली गेट से राजामंडी मेट्रो स्टेशन मार्ग, टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार एनएच-19 सर्विस रोड तक मार्ग, बसई मंडी से इंद्रापुरम चौराहा तथा इंद्रापुरम चौराहे से अमर होटल तक मार्ग, और सुभाष पार्क से कोठी मीना बाजार रोड होते हुए मारुति स्टेट चौराहे तक का मार्ग शामिल है।
परियोजना के अंतर्गत आधुनिक तकनीक एवं भारतीय सड़क कांग्रेस के मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। साथ ही पैदल यात्रियों और दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित फुटपाथ, जलभराव रोकने के लिए आधुनिक ड्रेनेज व्यवस्था, बिजली, पानी, गैस, सीवर और संचार सेवाओं के लिए यूटिलिटी डक्ट की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि भविष्य में बार-बार सड़क खुदाई की आवश्यकता न पड़े।
सड़कों के किनारे हरित पट्टियां विकसित की जाएंगी और व्यापक पौधारोपण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइट, रोड मार्किंग, साइनेज, रेलिंग, पार्किंग एवं वेंडिंग जोन, ईवी चार्जिंग स्टेशन तथा बस स्टॉप जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। योजना में पर्यावरण संरक्षण को विशेष महत्व देते हुए प्लास्टिक अपशिष्ट, एफडीआर, आरएपी और व्हाइट टॉपिंग जैसी पर्यावरण अनुकूल एवं लागत प्रभावी तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी, जलभराव की समस्या में कमी आएगी, सड़क सुरक्षा बेहतर होगी तथा नागरिकों को विश्वस्तरीय शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह परियोजना आगरा को आधुनिक और सतत शहरी विकास की दिशा में एक नई पहचान देने का कार्य करेगी। कार्यक्रम के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार और मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव भी उपस्थित थे।


