—-दोबारा अतिक्रमण रोकने को निगम की टीम तैनात
— हादसे की आशंका को देखते हुए अपर जिलाधिकारी द्वारा लिखा गया था लैटर
आगरा। कोठी मीना बाजार क्षेत्र में नाले की जाली पर लग रही अस्थायी दुकानों को नगर निगम प्रशासन ने अभियान चलाकर हटवा दिया। नाले के ऊपर लगे लोहे के जाल पर दुकानों के कारण संभावित दुर्घटना की आशंका जताई गई थी। अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला द्वारा नगर निगम प्रशासन को पत्र लिखकर इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया।
कोठी मीना बाजार में नाले को ढकने के लिए लोहे की जाली लगाई गई है, जिस पर कई दुकानदार अस्थायी रूप से दुकानें लगाने लगे थे। जाली पर अधिक भार पड़ने और भीड़भाड़ की स्थिति में जाली धंसने या टूटने से गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। प्रशासन को शिकायत मिलने के बाद अपर जिलाधिकारी ने नगर निगम को पत्र भेजकर स्थिति का संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
निर्देश मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और नाले की जाली पर लगाई गई दुकानों को हटवा दिया। अभियान के दौरान दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में नाले की जाली या आसपास पुनः अतिक्रमण न करें।
नगर निगम प्रशासन ने दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी है। इसके लिए निगम की टीम को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नाले की जाली पर फिर से दुकानें न लग सकें और क्षेत्र में किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
अतिक्रमण प्रभारी डॉ. अजय सिंह ने बताया कि नाले की जाली पर पुनः दुकानें न लगें, इसके लिए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
—नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों, नालों और जल निकासी संरचनाओं पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां भी अतिक्रमण से जनहानि या दुर्घटना की आशंका होगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नागरिकों से भी अपील की कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें।


