शराब ठेकों पर नगर निगम की छापामारी, हजारों रुपये जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

—- चारों जोन में 70 ठेकों पर छापा, प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलास और गंदगी मिलने पर कार्रवाई

आगरा। नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को शहर में शराब के ठेकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। चारों जोन में एक साथ चलाए गए औचक अभियान के दौरान शराब ठेकों पर  प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलासों का प्रयोग और गंदगी मिलने पर ठेका संचालकों के खिलाफ जुर्माना लगाया गया। नगर निगम की कार्रवाई से ठेका संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि अभियान के दौरान शहर के चारों जोन में कुल पांच दर्जन से अधिक शराब ठेकों की जांच की गई। इनमें लोहामंडी जोन में 19, ताजगंज जोन में 16, हरीपर्वत जोन में 20 और छत्ता जोन में 15 ठेकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। संबंधित संचालकों को जुर्माना लगाने के साथ ही भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने और ठेकों के आसपास साफ-सफाई रखने की चेतावनी भी दी गई।

—- कई ठेकों पर चल रही थी कैंटीन

अभियान के दौरान नगर निगम की टीम को कई स्थानों पर शराब ठेकों के साथ कैंटीन संचालित होती मिलीं। इन कैंटीनों में लोगों के बैठकर शराब पीने की व्यवस्था की गई थी। प्लास्टिक के गिलासों में शराब पिलाई जा रही थी।
अभियान के दौरान नगर निगम ने अलग-अलग जोन में करीब साठ रुपये का जुर्माना वसूल किया। इसमें लोहामंडी जोन में 25 हजार रुपये का सर्वाधिक जुर्माना लगाया गया।
एस एन ए के अनुसार शराब ठेकों के आसपास गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलासों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने ठेका संचालकों को स्पष्ट किया कि अपने प्रतिष्ठान के आसपास सफाई व्यवस्था बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है। औचक कार्रवाई के दौरान टीमों ने मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और नियमों का पालन करने की चेतावनी दी।

वर्जन —-
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। शराब ठेकों सहित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को स्वच्छता और प्रतिबंधित प्लास्टिक के संबंध में निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। नियमों की अनदेखी मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *