नगर निगम ने खेरिया मोड़ पर उतारी सीवर जेट ,जलभराव से मिली राहत

Press Release उत्तर प्रदेश

— भारी बारिश में नाला ओवरफ्लो होने से अर्जुन नगर, अजीत नगर गेट और खेरिया मोड़ क्षेत्र में भर गया था पानी, सुबह से ही जुटी नगर निगम की टीम

आगरा। गुरुवार को हुई झमाझम बारिश के बाद खेरिया मोड़ क्षेत्र में नाला ओवरफ्लो होने से भारी जलभराव हो गया। अर्जुन नगर, अजीत नगर गेट और खेरिया मोड़ के आसपास सड़कों पर गंदा पानी भरने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कीचड़ और गंदगी के बीच लोगों को जलभराव वाले रास्तों से होकर गुजरना पड़ा।
जलभराव की जानकारी मिलने पर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने तत्काल नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। शुक्रवार सुबह ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। एसएफआई मनोज कुमार पाल के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों और बवाग की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। सीवर जेट मशीन की सहायता से जलभराव वाले स्थानों से पानी निकाला गया और नाले की सफाई कर अवरोध दूर किया गया।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई थी। खेरिया मोड़ क्षेत्र में नाला ओवरफ्लो होने के कारण समस्या अधिक गंभीर हो गई थी। नगर आयुक्त के निर्देश पर टीम को तत्काल मौके पर भेजकर सीवर जेट मशीन लगाई गई। मशीन के माध्यम से पानी की निकासी कराने के साथ नाले की सफाई भी कराई गई, जिससे आवागमन सुचारु हो सका।
उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान जलभराव वाले स्थानों पर नगर निगम की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। जहां भी नाले या सीवर लाइन में अवरोध के कारण पानी की निकासी प्रभावित होती है, वहां तत्काल सफाई कराकर जलभराव दूर कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि बारिश के बाद संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाए और शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाए।
नगर निगम की कार्रवाई के बाद खेरिया मोड़ समेत आसपास के क्षेत्रों में जलभराव कम हुआ और लोगों को राहत मिली। अधिकारियों के अनुसार बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकता के अनुसार सीवर जेट मशीन और अन्य संसाधनों का इस्तेमाल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *