—– एक कुंतल से अधिक कूड़ा और प्लास्टिक निकालकर निस्तारण केन्द्र को भिजवाया,सौंदर्यीकरण की तैयारी शुरू
आगरा। नगर निगम और संस्कृति यूथ फाउंडेशन द्वारा रविवार को गोकुलपुरा क्षेत्र स्थित प्राचीन मंगलेश्वर बावड़ी में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम कर्मियों और स्वयंसेवियों ने मिलकर श्रमदान किया और बावड़ी से कूड़ा, प्लास्टिक की बोतलें, पत्तियां व अन्य कचरा निकालकर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस दौरान करीब एक कुंतल कूड़ा और प्लास्टिक सामग्री एकत्रित कर नगर निगम के निस्तारण केंद्र को भेजी गई। टीम ने बावड़ी की सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्र की भी सफाई की। यह अभियान सुबह से शुरू होकर कई घंटों तक चला, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने भी सहयोग किया।
सफाई अभियान में नगर निगम की ओर से सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम सहित स्वच्छता टीम मौजूद रही, जबकि संस्कृति यूथ फाउंडेशन के एक दर्जन से अधिक स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए श्री गौतम ने बताया कि यह प्राचीन बावड़ी ऐतिहासिक महत्व रखती है और नगर निगम अब इसके सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार कर रहा है। जल्द ही इसके आसपास की दीवारों, जल निकासी व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा ताकि यह स्थल स्वच्छ और आकर्षक बन सके। संस्कृति यूथ फाउंडेशन के सदस्यों ने बताया कि संस्था समय-समय पर ऐसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाती है ताकि लोगों में स्वच्छता और विरासत संरक्षण की भावना जागृत की जा सके।
