राजस्व वसूली में नहीं चलेगी ढिलाई, बड़े बकायेदारों से वसूली को चलाएं अभियान

Press Release उत्तर प्रदेश

—— नवागंतुक मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने संभाला मोर्चा, सरकारी विभागों व बड़े बकायेदारों को बिल वितरण के निर्देश

आगरा। नगर निगम आगरा के नवागंतुक मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम कार्यकारिणी हाल में आयोजित पहली समीक्षा बैठक में उन्होंने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली तथा वसूली कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री गौतम ने सर्वप्रथम सभी राजस्व निरीक्षकों, आरआई-2, कर अधीक्षकों, कर निर्धारण अधिकारियों एवं उपस्थित जोनल अधिकारियों का परिचय प्राप्त किया। इसके उपरांत उन्होंने नगर निगम की राजस्व स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य हर हाल में समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और वसूली कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी राजस्व निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के 100 बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर आगामी बैठक में प्रस्तुत करें। साथ ही इन बकायेदारों से प्रभावी वसूली के लिए विशेष अभियान चलाने और नियमित अनुश्रवण करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने सरकारी विभागों से लंबित कर वसूली को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को सरकारी विभागों में कर बिलों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के आदेश दिए। इसके अलावा 50 हजार रुपये से अधिक के सभी बकायेदारों को भी तत्काल बिल वितरित करने तथा उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उन्होंने कहा कि राजस्व वृद्धि नगर निगम की वित्तीय मजबूती का आधार है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें, ताकि नगर निगम को निर्धारित राजस्व लक्ष्य प्राप्त हो सके और जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं को गति मिल सके।
बैठक में राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *