शहर में जनगणना के लिए नगर निगम ने कसी कमर,चार चार्ज बनाए

Press Release उत्तर प्रदेश

 22 मई से 20 जून तक चलेगा जनगणना का पहला चरण,  पेपरलेस होगी इस बार की जनगणना, मोबाइल ऐप से खुद भी कर सकेंगे स्व-गणना

आगरा। नगर क्षेत्र में आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने पूरी तरह से कमर कस ली है। जनगणना कार्य को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए शहर को चार चार्ज में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन को एक चार्ज का नाम दिया गया है और संबंधित जोनल अधिकारियों को चार्ज अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपर नगर आयुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी शिशिर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना 2027 का पहला चरण 22 मई से 20 जून तक चलेगा। इस चरण में मकानसूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी। नगर क्षेत्र में कुल 3116 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) निर्धारित किए गए हैं, जिनमें प्रत्येक ब्लॉक में एक प्रगणक द्वारा गणना कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह पेपरलेस होगी। इसके लिए मोबाइल एप का उपयोग किया जाएगा, जिससे डेटा संकलन की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज होगी। साथ ही, नागरिकों को भी सुविधा दी गई है कि वे स्वयं अपनी गणना करा सकें। इसके लिए 7 मई से 21 मई के बीच स्व-गणना की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में एक प्रगणक की नियुक्ति की गई है, जबकि प्रत्येक छह प्रगणक पर एक सुपरवाइजर तैनात किया गया है। इसके अलावा नगर निगम द्वारा 64 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जो अब प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित करेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि जनगणना कार्य निर्धारित समय में बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि सही और सटीक आंकड़े संकलित किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *