बारहखंबा रोड पर धूल-गड्ढों से राहत दिलाने मैदान में उतरा नगर निगम

Press Release उत्तर प्रदेश

—– रात में छह ट्रैक्टर और दो लोडर से हटेगी मिट्टी-सिल्ट, दिन में होगा पानी का छिड़काव; सड़क मरम्मत पीडब्ल्यूडी और यातायात संभालेगी पुलिस

आगरा। खेरिया मोड़ पुल बंद होने और ईदगाह आरओबी पर आवागमन बाधित होने से बारहखंबा रोड पर बढ़े यातायात दबाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क पर गड्ढों, जमा मिट्टी-सिल्ट और जलभराव से राहगीर परेशान हैं, वहीं वाहनों के गुजरने से उड़ती धूल आसपास के लोगों के लिए भी मुसीबत बनी हुई है। शनिवार को लोगों के हंगामे के बाद नगर निगम प्रशासन ने तत्काल राहत के लिए पानी का छिड़काव और अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करा दी।
स्थिति का जायजा लेने के लिए सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, ट्रैफिक पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सड़क पर जमा मिट्टी और सिल्ट हटाने के लिए नगर निगम रात में विशेष सफाई अभियान चलाएगा। इसके लिए छह ट्रैक्टर और दो लोडर लगाए जाएंगे, ताकि धूल कम होने के साथ आवागमन भी सुगम हो सके।

—- दिन में छिड़काव, रात में सफाई

सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि दिन में यातायात का दबाव अधिक रहने के कारण सड़क की व्यापक सफाई कराना मुश्किल है। इसलिए रात में मशीनों की मदद से मिट्टी, सिल्ट और गंदगी हटाई जाएगी। तत्काल राहत के लिए पानी का छिड़काव शुरू करा दिया गया है। यातायात में बाधा बन रहे अस्थायी अतिक्रमण भी हटाए जा रहे हैं।

—- सड़क की मरम्मत पीडब्ल्यूडी के जिम्मे

बारहखंबा रोड पर रेलवे की ओर से आरओबी निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायत है कि निर्माण के बाद सड़क का रेस्टोरेशन ठीक से नहीं होने से गड्ढे बन गए हैं और कई जगह जलभराव हो रहा है। बढ़ते यातायात दबाव ने स्थिति को और गंभीर कर दिया है।
संबंधित सड़क पीडब्ल्यूडी की ओर से रेलवे को हैंडओवर की गई है। ऐसे में सड़क की स्थायी मरम्मत पीडब्ल्यूडी के स्तर से कराई जाएगी। नगर निगम फिलहाल सफाई और पानी के छिड़काव के जरिए लोगों को राहत देने में जुटा है।

—- बैरिकेडिंग और ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी बढ़ेगी

खेरिया मोड़ पुल बंद होने और ईदगाह आरओबी पर आवागमन बाधित होने से अर्जुन नगर चौराहे से रूई की मंडी रेलवे फाटक की ओर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। रेलवे फाटक बंद होने पर वाहनों की कतारें लगने से जाम की स्थिति बन रही है। इसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बैरिकेडिंग कराएगी और मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी बढ़ाई जाएगी।
धूल और गंदगी से तत्काल राहत दिलाने की जिम्मेदारी नगर निगम ने संभाली है, जबकि सड़क की स्थायी मरम्मत पीडब्ल्यूडी और यातायात संचालन पुलिस के जिम्मे रहेगा। तीनों स्तरों पर प्रभावी कार्रवाई से ही बारहखंबा रोड पर लोगों को राहत मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *