विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने ली प्रशासनिक व रेलवे अधिकारियों की आपात बैठक,
वैकल्पिक मार्गों की मरम्मत और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश
आगरा:खेरिया मोड़ पुल की मरम्मत के चलते आगामी तीन माह के लिए इसे बंद किए जाने से क्षेत्र की करीब 3 लाख की आबादी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुल बंद होने और जर्जर वैकल्पिक मार्गों के कारण एयरपोर्ट, आगरा कैंट रेलवे स्टेशन, अस्पताल, स्कूल और कार्यालय जाने वाले दैनिक यात्रियों व क्षेत्रीय जनता के समक्ष आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
जनता की इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता पर लेते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने रेलवे, पुलिस प्रशासन, वन विभाग और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक संयुक्त व महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के प्रमुख बिंदु एवं निर्देश:
सड़कों का त्वरित निर्माण: जर्जर हो चुके सभी वैकल्पिक मार्गों की तत्काल मरम्मत और पक्की सड़कों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाए, ताकि ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान वाहन चालकों को गड्ढों व धूल से राहत मिले।
अतिक्रमण पर कार्रवाई: डायवर्टेड मार्गों पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए सड़कों के दोनों ओर से तत्काल अवैध अतिक्रमण हटाया जाएगा।
नालों की तलीझाड़ सफाई: जलभराव की स्थिति से बचने के लिए नगर निगम को प्रभावित इलाकों के नालों और नालियों की तत्काल व्यापक सफाई करने के निर्देश दिए गए।
पुख्ता यातायात व्यवस्था: प्रमुख चौराहों व डायवर्जन प्वाइंट्स पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जिससे जाम न लगे और एंबुलेंस, स्कूल बसें व आवश्यक सेवाएं सुचारू रूप से चल सकें।
विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य के तीन महीनों के दौरान आम जनता, मरीजों, विद्यार्थियों और यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय-सीमा के भीतर इन कार्यों को पूरा करें। इस अवसर पर दिग्विजय सिंह, कन्हैया राय, राजेश यादव,मनोज नोतनानी, डॉक्टर दुर्गेश शर्मा, संजय पाराशर ,जितेंद्र कुशवाहा, अमित कोहली, ललित शर्मा , लल्लन शर्मा ,विकास अग्रवाल, दिनेश अरोरा, सुन्दर चेतवानी एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।


