नगर निगम ने सड़क किनारे लगी स्टील फैंसिंग जेसीबी से ध्वस्त कराई

Press Release उत्तर प्रदेश

—– दयालबाग क्षेत्र में की गई कार्रवाई के संबंध में आई जी आर एस के माध्यम से शिकायत की गई थी

आगरा। नगर निगम प्रशासन द्वारा सड़क किनारे लगाई गई स्टील की अवैध फैंसिंग को ध्वस्त कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें फैंसिंग के कारण नालियों की सफाई और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की बात कही गई थी।
दयालबाग स्थित आरएस रेजीडेंसी निवासी गुरु वचन सिंह ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि रोड साइड पटरी पर गार्डन के लिए स्टील की फैंसिंग लगाई गई है, जिससे नालियों की नियमित सफाई में बाधा उत्पन्न हो रही है तथा सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए नगर निगम की टीम ने सात मार्च को मौके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान भवन संख्या 44 और 55 के स्वामियों को उक्त फैंसिंग को अतिक्रमण बताते हुए इसे स्वयं हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद संबंधित लोगों द्वारा फैंसिंग नहीं हटाई गई।
निर्धारित समय में अतिक्रमण न हटाए जाने पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को अवर अभियंता मुकेश कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन दल को मौके पर भेजा। टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से सड़क किनारे लगाई गई स्टील की फैंसिंग को ध्वस्त कर अतिक्रमण को हटा दिया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी स्थान पर अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *