श्रावण मास को लेकर तैयारियों में जुटा नगर निगम, परिक्रमा मार्ग व शिवालयों पर चला विशेष सफाई अभियान

Press Release उत्तर प्रदेश

—– एक अगस्त को अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई, कांवड़ यात्रा से पहले रोस्टर बनाकर शुरू हुई तैयारियां

आगरा। श्रावण मास एवं आगामी कांवड़ यात्रा, परिक्रमा को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम ने नगर परिक्रमा मार्ग और शहर के प्रमुख शिवालयों के आसपास विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया है। इसके लिए सभी जोनों का रोस्टर तैयार किया गया है, जिसके तहत घास की सफाई, पेड़ों की छंटाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चरणबद्ध ढंग से की जा रही है।
गुरुवार को शुरू हुए अभियान के पहले दिन सुबह से ही नगर निगम की टीमों ने शहर के प्रमुख शिवालयों एवं नगर परिक्रमा मार्गों पर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया। मंदिर परिसरों, मुख्य मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में उगी घास को हटाया गया तथा श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा बन रही पेड़ों की लटकती शाखाओं की छंटाई कराई गई। अभियान में विभिन्न जोनों के अधिकारियों, सफाई निरीक्षकों, सुपरवाइजरों और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों को लगाया गया, जिन्होंने पूरे दिन अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य किया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार श्रावण मास में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की संख्या और अधिक बढ़ जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले दुरुस्त करने का निर्णय लिया है, ताकि मार्गों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न रहे और श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि नगर निगम द्वारा विशेष रोस्टर बनाकर दो दिवसीय अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त को नगर परिक्रमा मार्ग एवं प्रमुख शिवालयों के आसपास विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाएगा, ताकि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का आवागमन निर्बाध रूप से हो सके। उन्होंने नागरिकों एवं दुकानदारों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर नगर निगम का सहयोग करें।

—- नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जोनों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नगर परिक्रमा मार्गों और शिवालयों के आसपास नियमित सफाई, घास की कटाई, पेड़ों की छंटाई, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि एक अगस्त को अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाया जाएगा और किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी निर्धारित रोस्टर के अनुसार कार्य करते हुए व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करें, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *