—– समाधान शिविर में सफाई, सीवर, जलभराव और स्ट्रीट लाइट की शिकायतों का होगा निस्तारण
—- 15 अगस्त से 15 दिसंबर तक सरकार द्वारा गृह, सीवर और जलकर के लिए लागू की जा रही एकमुश्त समाधान योजना का भी प्रचार प्रसार किया जाएगा
आगरा। नगर निगम द्वारा नागरिकों की समस्याओं का उनके मोहल्ले में ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को शहर के चारों जोनों के आठ वार्डों में मौहल्ला समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, अभियंता एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी निर्धारित स्थलों पर मौजूद रहेंगे और नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। प्राप्त शिकायतों के तत्काल निस्तारण के साथ-साथ जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव नहीं होगा, उनके लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि मौहल्ला समाधान दिवस के सफल संचालन के लिए सभी स्थानों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। प्रत्येक शिविर में सफाई व्यवस्था, सीवर एवं नालियों की सफाई, जलभराव, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, गृहकर, कूड़ा उठान तथा नगर निगम से जुड़ी अन्य नागरिक समस्याओं की सुनवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
उन्होंने बताया कि छत्ता जोन के वार्ड-01 में अम्बेडकर भवन तथा वार्ड-58 में रैन बसेरा परिसर में समाधान दिवस आयोजित होगा। हरीपर्वत जोन के वार्ड-28 में कृष्णा नगर पार्क और वार्ड-93 में नेहरू नगर पार्क में अधिकारी जनसुनवाई करेंगे।
इसी प्रकार ताजगंज जोन के वार्ड-97 में बौद्ध सिद्ध स्कूल, अम्बेडकर पार्क से आगे, सिद्धार्थ नगर (गोबर चौकी) तथा वार्ड-02 में प्राथमिक कन्या पाठशाला, नन्दपुरा में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं लोहामण्डी जोन के वार्ड-03 में डॉ. अम्बेडकर पार्क, गढ़ी भदौरिया और वार्ड-73 में मारुति स्टेट रोड, सब्जी मंडी चौक पर मौहल्ला समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित समाधान दिवस में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नगर निगम से संबंधित समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना और वार्ड स्तर पर ही समस्याओं का प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करना है। नगर निगम का प्रयास है कि जन शिकायतों का त्वरित समाधान कर नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान सरकार द्वारा 15 अगस्त से 15 दिसंबर तक गृहकर ,सीवर व जलकर के लिए लागू की जा रही एकमुश्त समाधान योजना का प्रचार प्रसार भी किया जाएगा।


