—- नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने अधिकारियों के साथ संभाली कमान, सफाई से लेकर सड़क और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
आगरा। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के रविवार को प्रस्तावित आगमन को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। राज्यपाल के संभावित भ्रमण मार्ग पर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के लिए शनिवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण हटाने और सौंदर्यीकरण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने संभावित रूट पर टाटानगर गेट, पृथ्वीनाथ फाटक, शंकरगढ़ पुलिया, रामनगर पुलिया, बोदला, कारगिल, सिकंदरा आरओबी, एनएच-19, गुरुद्वारा, आईएसबीटी, ट्रांसपोर्ट नगर, खंदारी चौराहा, खंदारी अंडरपास, विजय नगर, सुल्तानगंज, भगवान टॉकीज, दीवानी, सेंट जॉन्स, गोपाल कुंज और सूरसदन सहित अन्य प्रमुख स्थानों का जायजा लिया। जहां भी सड़क, सफाई या अन्य व्यवस्थाओं में कमी मिली, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि राज्यपाल के आगमन को देखते हुए भ्रमण मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं रहनी चाहिए। सड़कें दुरुस्त हों, नालियों की सफाई पूरी हो, स्ट्रीट लाइटें सुचारु रूप से जलें और अतिक्रमण पूरी तरह हटाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर निगम की टीमें पूरे संभावित रूट पर विशेष सफाई अभियान चला रही हैं। डिवाइडरों की रंगाई-पुताई, झाड़ियों की कटाई, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और अवैध होर्डिंग हटाने का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। इसके अलावा अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगर आयुक्त के अलावा अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम समेत तमाम अन्य अधिकारी भी राज्य पाल के रूप का निरीक्षण करते रहे।


