छात्रों को कम्पोस्टिंग से पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। नगर निगम द्वारा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के क्रम में छत्ता जोन के वार्ड संख्या 13 स्थित संभू नगर में कम्युनिटी ट्रिगरिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम की सहयोगी संस्था म्यूज फाउंडेशन द्वारा एस डी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को कूड़ा प्रबंधन और कम्पोस्टिंग के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में छात्रों को सोर्स सेग्रीगेशन यानी कूड़े को स्रोत पर ही अलग-अलग करने के महत्व को समझाया गया। संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि कूड़े का सही ढंग से पृथक्करण न होने पर पर्यावरण प्रदूषित होता है, जिससे विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलती हैं। बच्चों को यह भी समझाया गया कि कूड़ा खुले में फेंकने से न केवल गंदगी बढ़ती है, बल्कि जल, वायु और भूमि प्रदूषण भी होता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को चार प्रकार के कूड़े के बारे में जानकारी दी गई, जिनमें गीला कूड़ा, सूखा कूड़ा, जैव अपशिष्ट कूड़ा और घरेलू हानिकारक कूड़ा शामिल हैं। साथ ही गीले कूड़े से घर पर ही कम्पोस्ट तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया, जिससे खाद बनाकर पौधों में उपयोग किया जा सकता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार गौतम ने इस प्रकार के कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को छोटी उम्र से ही स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शिक्षा देना बेहद आवश्यक है, ताकि वे अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित कर सकें।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए यह संदेश दिया गया कि यदि हर व्यक्ति अपने घर से ही कूड़े का सही निस्तारण शुरू करे, तो शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *