आगरा। सीआईएससीई रीजनल बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। अंडर-19 में मेरठ जोन, अंडर-17 में लखनऊ साउथ और अंडर-14 में कानपुर साउथ ने विजेता ट्राफी अपने नाम की। अंडर-19 में आगरा जोन उपविजेता बना। विजेता व उपविजेता टीमों को चमचमाती हुई ट्राफी, मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन सचिव हरेन्द्र प्रताप शर्मा (हैप्पी) ने बताया कि सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज में चल रही तीन दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन सेमीफाइनल, फाइनल व तीसरे स्थान के लिए मुकाबले खेले गए। अंडर-19 आयुवर्ग के फाइनल में आगरा जोन और मेरठ जोन आमने-सामने थे। दोनों टीमों के बीच चारों क्वार्टर में कांटे का मुकाबला देखने को मिला। एक-एक अंक के लिए टीमों ने कोई कसर नहीं छोड़ी। परंतु मेरठ ने 79-65 से फाइनल मुकाबला जीतकर विजेता ट्राफी अपने नाम की। अंडर-17 आयुवर्ग के फाइनल में लखनऊ साउथ का मुकाबला कानपुर साउथ से हुआ। इस मैच को लखनऊ साउथ ने 42-33 से जीत विजेता ट्राफी हासिल करने का गौरव प्राप्त किया। अंडर-14 आयुवर्ग के फाइनल में कानपुर साउथ ने गाजियाबाद जोन को 61-48 के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज कर खिताब जीता। विजेता व उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि उप्र बास्केटबॉल संघ के सचिव वीरेन्द्र विक्रम सिंह, विशिष्ट अतिथि यूपीबीए के उपाध्यक्ष डॉ. हरी सिंह यादव, आगरा बास्केटबॉल संघ के संयुक्त सचिव डॉ. रीनेश मित्तल, डॉ. डीके सिंह ने पुरस्कृत किया। स्कूल के प्रधानाचार्य फादर रंजीत टोप्पो ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए टीमों को शानदार आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर विवेक अरोड़ा, उप प्रधानाचार्य फादर निरंजन खेस, फादर पौलुश, प्रेम तनेजा, रूपाली शर्मा, प्रतीश मसीह, यमन दरलामी, धीरज सिंह, अर्जुन दास, शैलेष खेस, एमिली, नमनदीप, हिमानी, आदित्य, आशीष, अभि, अनुराग सिंह, जगवीर सिंह उपस्थित रहे।


