आगरा। एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से एक बार फिर देशवासियों का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल मुकाबले में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 5–1 के शानदार अंतर से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय हॉकी की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत किया।
भारतीय महिला एवं पुरुष हॉकी टीमों की इस ऐतिहासिक सफलता पर मास्टर हॉकी संघ के सदस्यों में खुशी की लहर दौड़ गई। संघ के सदस्यों ने मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया तथा भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर राजीव सोई , अमिताभ गौतम, धर्मेंद्र बघेल, के.पी. सिंह यादव, अजय कुमार सिंह, मोहित कपूर, करमजीत मान, गर्जन सिंह, अमरजीत सिंह, धीरज मदान, डॉ. जयशंकर यादव, गोपाल भगत, दिलीप शर्मा, पवन कुमार एवं हेमंत शर्मा सहित मास्टर हॉकी संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संघ के सदस्यों ने कहा कि भारतीय महिला एवं पुरुष हॉकी टीमों की यह स्वर्णिम उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट खेल भावना ने देश की युवा पीढ़ी के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह सफलता निश्चित रूप से देश में हॉकी के प्रति उत्साह को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और अनेक युवा प्रतिभाओं को इस खेल में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
संघ के सदस्यों ने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्णिम सफलता के बाद अब भारतीय हॉकी प्रेमियों की निगाहें ओलंपिक पर टिकी हैं। उन्होंने भारतीय महिला एवं पुरुष हॉकी टीमों के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कामना की कि खिलाड़ी इसी जोश, जुनून और आत्मविश्वास के साथ आगामी ओलंपिक में भी शानदार प्रदर्शन करें और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगे की शान को विश्व पटल पर और ऊंचा करें।


