त्योहारों पर देर रात तक होगी बाजारों की सफाई, कूड़े का तत्काल होगा निस्तारण

Press Release उत्तर प्रदेश

—- दीपावली, गोवर्धन और भाई दूज को लेकर नगर निगम अलर्ट, नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने जेडएसओ और सफाई निरीक्षकों के साथ की समीक्षा बैठक

आगरा। दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज सहित आगामी प्रमुख त्योहारों को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर की सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की तैयारी शुरू कर दी है। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और खरीदारी के कारण उत्पन्न होने वाले अतिरिक्त कूड़े को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। बाजारों में देर रात तक सफाई कराई जाएगी, वहीं एकत्रित कूड़े का भी तत्काल उठान और निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने सभी जोनल स्वच्छता अधिकारियों (जेडएसओ) और मुख्य खाद्य एवं स्वच्छता निरीक्षकों के साथ वृहद समीक्षा बैठक नगर निगम कार्यकारिणी हाल में आयोजित की। बैठक में शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों की सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। बाजारों में दुकानों के खुलने और बंद होने के समय को ध्यान में रखते हुए सफाई का विशेष शेड्यूल तैयार किया जाए, ताकि देर रात तक सफाई व्यवस्था सुचारु बनी रहे। बाजारों में दिनभर निकलने वाले कूड़े को सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा न होने दिया जाए। इसके लिए कूड़ा उठान के साथ ही उसका त्वरित निस्तारण कराया जाए।
बैठक में बाजार कमेटियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बाजार कमेटियों के पदाधिकारियों से संपर्क कर सफाई संबंधी समस्याओं की जानकारी लें और स्थानीय स्तर पर उनका तत्काल समाधान कराएं। दुकानदारों को भी निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा डालने तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाए।
डॉ. वर्मा ने सभी जोनल अधिकारियों और मुख्य खाद्य एवं स्वच्छता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी बाजार या प्रमुख मार्ग पर कूड़े के ढेर दिखाई नहीं देने चाहिए। सफाई कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहरवासियों और बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सफाई, कूड़ा उठान और निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ ही अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *