कोयले की भट्ठियां जलाने पर होटल-रेस्टोरेंट पर 1.70 लाख का जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

—– फतेहाबाद रोड पर नगर निगम की छापेमारी, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई; सड़क पर मलबा डालने पर जीएमबी रेस्टोरेंट पर भी लगाया जुर्माना

आगरा। एनजीटी के नियमों का उल्लंघन कर कोयले की भट्ठियां संचालित करना होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भारी पड़ गया। नगर निगम की टीम ने फतेहाबाद रोड स्थित चार होटल और रेस्टोरेंट में कोयले की भट्ठियां धधकती मिलने पर पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 1.70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने पर एक अन्य रेस्टोरेंट पर दो हजार रुपये का जुर्माना ठोंका गया। नगर निगम की इस कार्रवाई से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में खलबली मची रही।
शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर शहर के प्रमुख मार्गों पर वाटर स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके साथ ही मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई कराई जा रही है। प्रदूषण फैलाने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में शनिवार को जोनल स्वच्छता अधिकारी ताजगंज राजीव बालियान के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने फतेहाबाद रोड स्थित होटल और रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल अतिथि, होटल जिंजर, 199 मटन बिरयानी रेस्टोरेंट और अमृतसर हवेली रेस्टोरेंट में कोयले से संचालित भट्ठियां जलती हुई मिलीं। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भट्ठियों को पानी डालकर ठंडा कराया और संबंधित संचालकों से जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान हल्दीराम रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। यहां किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिलने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, जीएमबी रेस्टोरेंट द्वारा होटल का मलबा सड़क पर डालकर गंदगी फैलाने का मामला सामने आया। इस पर नगर निगम की टीम ने दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कोयले की भट्ठियों के संचालन पर रोक लगाने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान एसएफआई मलखान सिंह, सुपरवाइजर संतोष डागर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

होटल अतिथि –25 हजार
होटल जिंजर —- 80 हजार
199 मटन बिरयानी —- 15 हजार अमृतसर हवेली रेस्टोरेंट — 50 हजार

नगर आयुक्त का वर्जन—-

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि शहर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। होटल और रेस्टोरेंट संचालक निर्धारित पर्यावरणीय नियमों का पालन करें। कोयले की भट्ठियां संचालित करने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *