—— विधि-विधान से हुई पूजा, वाहनों और मशीनरी को चढ़ाए फूल
आगरा। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को नगर निगम की कर्मशाला में विशेष पूजा-अर्चना कार्यक्रम आयोजित किया गया। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा की। इसके बाद नगर निगम के वाहनों और कर्मशाला में मौजूद मशीनरी का पूजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विश्वकर्मा के पूजन से हुई। महापौर और नगर आयुक्त ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद नगर निगम के वाहनों का पूजन किया गया। वाहनों पर फूल चढ़ाए गए और पूजा के बाद प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण और शिल्प का देवता माना जाता है। नगर निगम के कार्यों में वाहनों, मशीनों और तकनीकी संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। विश्वकर्मा जयंती पर इन संसाधनों की पूजा की परंपरा कर्मशाला में हर वर्ष उत्साह के साथ निभाई जाती है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने नगर निगम की कर्मशाला में वाहनों और मशीनरी के रखरखाव को महत्वपूर्ण बताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी नियमित देखरेख सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी बृजेश सिंह, सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय, अशोक प्रिय गौतम, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम आदि के अलावा कर्मशाला के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।


