आगरा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। शाहगंज रोड स्थित राधावल्लभ स्कूल से शुरू हुई कार्रवाई जीआईसी मैदान, पंचकुइया, तहसील रोड और पुलिस लाइन होते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे तक चली, जहां सड़क के दोनों ओर फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया।
अभियान के दौरान टीम ने फुटपाथों पर अवैध रूप से रखे गए आधा दर्जन से अधिक लावारिस खोखों को जब्त कर लिया। इसके अलावा दुकानों के आगे लगाए गए तिरपाल, शेड और अन्य अस्थायी ढांचों को हटाते हुए नष्ट किया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपना सामान समेट लिया।
तहसील रोड पर कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध जताते हुए हंगामा भी किया और अभियान को रोकने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद टास्क फोर्स और पुलिस बल ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और अभियान को बिना किसी बाधा के जारी रखा। अधिकारियों की सख्ती के चलते विरोध कर रहे दुकानदारों के मंसूबे कामयाब नहीं हो सके।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान शहरभर में लगातार जारी रहेगा और फुटपाथों तथा सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाएं, अन्यथा प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी।


