नालियों में गोबर बहाने पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 10 पशुपालकों पर 50 हजार का जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

—- भैंसों के बाड़ों से फैल रही गंदगी पर सख्ती, तीन भैंसें जब्त करने से पशुपालकों में मचा हड़कंप

आगरा। स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वाले पशुपालकों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने गुरुवार को सख्त कार्रवाई करते हुए राजामंडी क्षेत्र स्थित भारत टॉकीज के पीछे संचालित भैंसों के बाड़ों पर छापामार अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई पशुपालक अपने बाड़ों से निकलने वाले गोबर और गंदे पानी को सीधे नालियों में बहा रहे थे, जिससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही थी और नालियां अवरुद्ध हो रही थीं।
नगर निगम की टास्क फोर्स ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दस पशुपालकों पर कुल 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। प्रत्येक पशुपालक पर पांच-पांच हजार रुपये का अर्थदंड निर्धारित किया गया। कार्रवाई के दौरान पशुपालकों को तत्काल जुर्माना जमा कराने के निर्देश दिए गए। जुर्माना जमा न करने पर निगम की टीम ने तीन भैंसों को जब्त कर लिया। बाद में संबंधित पशुपालकों द्वारा जुर्माना अदा किए जाने के बाद भैंसों को छोड़ दिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन कुछ पशुपालक अपने बाड़ों से निकलने वाले गोबर और अपशिष्ट को नालियों में प्रवाहित कर नगर निगम के प्रयासों को प्रभावित कर रहे हैं। इसी के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पशुपालक चंद्र प्रकाश, दिनेश, मुकेश, निखिल, पियूष और आदर्श समेत अन्य पशुपालकों के खिलाफ जुर्माना लगाया गया। सभी को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि दोबारा इस प्रकार गंदगी फैलाते हुए पाए गए तो उनके खिलाफ और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निगम अधिकारियों ने पशुपालकों को यह भी निर्देश दिए कि शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में संचालित पशुबाड़ों को नियमानुसार शहर से बाहर स्थानांतरित किया जाए ताकि स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के पशुपालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। अभियान का नेतृत्व एसएफआई मुकेश मौर्य ने किया। इस दौरान निगम टास्क फोर्स एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

—– नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन :

“शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नालियों में गोबर, कूड़ा अथवा अन्य अपशिष्ट डालकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सभी पशुपालकों को निर्देशित किया गया है कि वे गोबर एवं अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना, पशु जब्ती तथा अन्य कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *