काशी विश्वनाथ में महाशिवरात्रि की धूम, 4 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Religion/ Spirituality/ Culture

वाराणसी। महाशिवरात्रि के मौके पर काशी में रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मंगला आरती के बाद से दर्शन-पूजन का सिलसिला तेज हो गया और पूर्वाह्न 9 बजे तक करीब चार लाख भक्त बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेक चुके थे। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के जयघोष से गूंजता रहा।

तड़के से ही मंदिर के बाहर लंबी कतारें लग गई थीं। यूपी के अलग-अलग जिलों के साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। परिवारों के साथ आए श्रद्धालु घंटों इंतजार के बाद दर्शन करते नजर आए। गर्भगृह में पहुंचते ही कई भक्त भावुक हो उठे। जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के लिए लोग पूजन सामग्री साथ लेकर आए थे।

भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में रहा। मंदिर क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात रहे, जबकि सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी गई। भीड़ का दबाव कम रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई और प्रवेश व निकास के अलग रास्ते बनाए गए।

अफसर लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था देखते रहे।
श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए खोया-पाया केंद्र भी सक्रिय रखा गया। लाउडस्पीकर से लगातार घोषणाएं कर बिछड़े लोगों को मिलाने में मदद की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक उपचार केंद्र भी संचालित रहे।

मंदिर के सीईओ विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि अत्यधिक भीड़ के चलते 15 और 16 फरवरी की ऑनलाइन बुकिंग अस्थायी रूप से रोक दी गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और संयम बनाए रखें। महाशिवरात्रि पर उमड़ी आस्था ने एक बार फिर काशी की धार्मिक ऊर्जा और महत्व को रेखांकित किया। पूरे दिन दर्शन के लिए भक्तों का आना जारी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *