
आगरा मंडल के मथुरा जं. रेलवे स्टेशन पर दिनांक 25.11.2026 को रेलवे मजिस्ट्रेट सूर्यभान सिंह के नेतृत्व में व्यापक मजिस्ट्रेट टिकट जाँच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना टिकट एवं नियम विरुद्ध यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई, जिससे अनियमित यात्रियों में हड़कंप मच गया।
इस विशेष अभियान में रेलवे मजिस्ट्रेट, मंडल के रेल अधिकारियों, टिकट चेकिंग स्टाफ तथा आरपीएफ/जीआरपी की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों एवं मथुरा जं. स्टेशन पर रुकने वाली सभी ट्रेनों जैसे 12715,12625, 12618, 12280 आदि में सघन टिकट जाँच की।
जाँच के दौरान कुल 102 अनियमित यात्री पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ अनाधिकृत रूप से रेलवे लाइन पार करने तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने एवं धूम्रपान करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। पकड़े गए यात्रियों को रेलवे न्यायालय में रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ उन पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया।अभियान के दौरान कुल 102 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹1,03,993 का जुर्माना वसूला गया।
इस अभियान में टिकट चेकिंग स्टाफ के रूप में शैलेश मिश्रा (सीटीआई), नागेंद्र तिवारी (सीटीआई) ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि इस प्रकार के टिकट जाँच अभियान मंडल में निरंतर चलाए जा रहे हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे वैध टिकट/पास लेकर ही यात्रा करें, निर्धारित सीमा से अधिक सामान को बुक कराकर ले जाएँ तथा रेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखें एवं धूम्रपान जैसी प्रतिबंधित गतिविधियों से बचें।


