आगरा छावनी स्टेशन पर मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान, 90 अनियमित यात्रियों से वसूला गया ₹14,700 जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा।  मंडल के आगरा छावनी रेलवे स्टेशन पर दिनांक 03.06.2026 को रेलवे मजिस्ट्रेट श्री अमन कुमार के नेतृत्व में व्यापक मजिस्ट्रेट टिकट जाँच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना टिकट एवं नियम विरुद्ध यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई, जिससे अनियमित यात्रियों में हड़कंप मच गया।

प्रातः 6:30 बजे से आरंभ हुए इस विशेष अभियान में रेलवे मजिस्ट्रेट, मंडल के रेल अधिकारियों, टिकट चेकिंग स्टाफ तथा आरपीएफ/जीआरपी की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों एवं आगरा छावनी स्टेशन पर रुकने वाली सभी ट्रेनों में सघन टिकट जाँच की।

जाँच के दौरान कुल 90 अनियमित यात्री पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ अनाधिकृत रूप से रेलवे लाइन पार करने तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने एवं धूम्रपान करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। पकड़े गए यात्रियों को रेलवे न्यायालय में रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ उन पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया।

अभियान के दौरान कुल 90 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹14,700 का जुर्माना वसूला गया। कुछ मामलों में रेलवे मजिस्ट्रेट द्वारा टीआरसी की सजा भी सुनाई गई।

इस अभियान में टिकट चेकिंग स्टाफ के रूप में अजय सोनी (सीटीआई),  बलजीत सिंह (सीटीआई), गुलजार मोहम्मद (सीटीआई),  इन्दीवर मिश्रा (टीटीआई), आर. के. मीणा (टीटीआई),  सुभाष प्रताप (टीटीआई),  जलालुद्दीन (वरिष्ठ सीसीटीसी) एवं  हिमांशु (वरिष्ठ सीसीटीसी) ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

जनसंपर्क अधिकारी  संजय कुमार गौतम ने बताया कि इस प्रकार के टिकट जाँच अभियान मंडल में निरंतर चलाए जा रहे हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे वैध टिकट/पास लेकर ही यात्रा करें, निर्धारित सीमा से अधिक सामान को बुक कराकर ले जाएँ तथा रेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखें एवं धूम्रपान जैसी प्रतिबंधित गतिविधियों से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *