रबी फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर 2026, किसान 24 दिसम्बर तक दे सकते हैं असहमति

Press Release उत्तर प्रदेश

गेहूँ, चना, सरसों और आलू अधिसूचित, टोल फ्री नंबर 14447 पर 72 घंटे में दें आपदा की सूचना

आगरा, 27.11.2026 /उप कृषि निदेश मुकेश कुमार ने बताया है कि रबी में अधिसूचित फसलों के बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर 2026 है। जनपद में एच०डी०एफ०सी० एर्गो इंश्योरेंस कम्पनी लि० को वर्ष 2023-2024 से 2026-27 में भी कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में अधिकृत किया गया है। जनपद हेतु रबी मौसम में गेहूँ, चना, सरसों एवं आलू फसलों को अधिसूचित किया गया है। रबी मौसम में अधिसूचित फसलों के अन्तर्गत बीमित राशि एवं प्रीमियम की धनराशि ऋणी एवं गैर ऋणी कृषकों द्वारा निम्नानुसार देय होगी। गेहूँ फसल के लिए बीमित राशि प्रति हेक्टेयर 88400 रुपये है तथा प्रीमियम धनराशि प्रति हेक्टेयर 1.5 प्रतिशत अर्थात 1326 रुपये देय होगी। चना फसल के लिए बीमित राशि प्रति हेक्टेयर 96100 रुपये है तथा प्रीमियम धनराशि प्रति हेक्टेयर 1.5 प्रतिशत अर्थात 1441.50 रुपये देय होगी। सरसों फसल के लिए बीमित राशि प्रति हेक्टेयर 115000 रुपये है तथा प्रीमियम धनराशि प्रति हेक्टेयर 1.5 प्रतिशत अर्थात 1725 रुपये देय होगी। आलू फसल के लिए बीमित राशि प्रति हेक्टेयर 224000 रुपये है तथा प्रीमियम धनराशि प्रति हेक्टेयर 5.0 प्रतिशत अर्थात 11200 रुपये देय होगी।

जनपद में समस्त ऋणी कृषक जो कि योजना में प्रतिभाग नहीं करना चाहते हैं उन्हें रबी मौसम में 31 दिसम्बर 2026 के 7 दिन पूर्व दिनांक 24-12-2026 तक अपने बैंक शाखा को लिखित रूप में अवगत कराना आवश्यक है, अन्यथा की स्थिति में बैंक द्वारा पात्र कृषक के खाते में प्रीमियम की कटौती करते हुये उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर ऋणी कृषक को स्वतः ही बीमित कर दिया जायेगा। विपरीत मौसमीय परिस्थितियों को ध्यान रखते हुये यह आवश्यक है कि अधिक से अधिक कृषकों को बीमा कवर प्रदान किया जाये, ताकि कृषक दैवीय आपदा / प्रतिकूल मौसम स्थितियों के समय अपनी आय को स्थिर रख सकें। कृषक भाई जन सेवा केन्द्र, संबंधित बैंक एवं स्वयं 31 दिसम्बर 2026 तक बीमा करा सकते हैं। भारत सरकार द्वारा NPCI पोर्टल खोल दिया गया है। स्थानीय आपदा की स्थिति में कृषक द्वारा आपदा के 72 घण्टे के अन्दर शासन द्वारा योजना के टोल फ्री नम्बर 14447 पर सूचित करा सकते हैं। आपदा / भारी बारिश से फसल क्षति के सापेक्ष मुआवजा उन्हीं किसानों को मिलेगा जिन्होंने फसल बीमा कराकर आपदा की सूचना कृषि विभाग में लिखित रूप से एवं उपरोक्त टोल फ्री नम्बर पर की हो। योजना की अधिक जानकारी के लिये एच०डी०एफ०सी० एर्गो जनरल इंश्योरेंस कम्पनी लि० के जनपद प्रतिनिधि रवीना चौधरी मो०नं० 8529766209 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *