लखीमपुर खीरी: मासूम से छेड़छाड़ पर भड़का आक्रोश, आरोपी युवक गिरफ्तार; अवैध सैलून पर चला प्रशासन का बुलडोजर

Crime

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के पलिया थाना क्षेत्र में एक सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी मुस्लिम युवक द्वारा मासूम के साथ की गई इस घृणित हरकत के बाद पूरे कस्बे में तनाव फैल गया। आक्रोशित व्यापार मंडल और हिंदू संगठनों ने कोतवाली का घेराव कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं प्रशासन ने आरोपी की दुकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया है।

सैलून के भीतर मासूम से की छेड़छाड़

जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद गेट के पास आरोपी सद्दाम पुत्र समीउल्ला की सैलून की दुकान है। उसी के पड़ोस में एक दंपति अपनी कॉस्मेटिक की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि सद्दाम ने दंपति की सात साल की मासूम बच्ची को अकेला पाकर दो बार उसके साथ शारीरिक छेड़छाड़ की। जब बच्ची ने घर जाकर रोते हुए अपनी मां को आपबीती सुनाई, तब घटना का खुलासा हुआ।

​कोतवाली का घेराव और भारी विरोध

जैसे ही यह खबर कस्बे में फैली, व्यापार मंडल और विभिन्न संगठनों के लोग सड़कों पर उतर आए। भारी भीड़ ने पलिया कोतवाली का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। लोगों का गुस्सा देख पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। एसओ पलिया ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।

प्रशासन का ‘बुलडोजर’ एक्शन

मामले की गंभीरता और सार्वजनिक आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने भी कड़ा रुख अपनाया। प्रशासनिक टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुँची और आरोपी जिस दुकान पर काम करता था, उसके अवैध ढांचे और टीन शेड को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *