आगरा, 7 अप्रैल। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के संयुक्त निदेशक राजनरायन सिंह 8 अप्रैल को सुबह आगरा पहुंच जाएंगे। वे यहां युबह नौ बजे एकलव्य स्टेडियम का निरीक्षण करेंगे। हालांकि इन दिनों स्टेडियम में सेना भर्ती चल रही है। इसलिये खेल गतिविधियां लगभग शून्य हैं। केवल रजिस्ट्रेशन और कार्यालय का काम चल रहा है।
संभावना जतायी जा रही है कि विगत कई दिनों से चले आ रहे क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी और कबड्डी प्रशिक्षक के मध्य छात्रावास को लेकर हुए विवाद की जांच करने के लिये संयुक्त निदेशक आ रहे हों। बताया जाता है कि संयुक्त निदेशक जो कि आगरा के क्षेत्रीय कार्यालय के प्रभारी भी हैं , इस दौरे को गोपनीय रखे हैं। आज रात तक क्षेत्रीय खेल कार्यालय को उनके इस दौरे की जानकारी नहीं दी गयी है। ताकि वे अचानक आकर मामले की छानबीन कर सकें।
वैसे तो राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बबिता चौहान ने स्वयं एकलव्य स्टेडियम जाकर मामले की जानकारी कर ली है। उन्होंने दोनों ही पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को रफादफा करा दिया है। अब अगर विभागीय जांच होती है तो फिर मामला लंबा खिंचेगा। हालांकि पहले दिन से ही विवाद की जानकारी खेल निदेशक उत्तर प्रदेश को दे दी गयी है। अब संयुक्त निदेशक खेल उप्र राजनरायन सिंह के बुधवार को सुबह आगरा आने के पश्चात ही पता चलेगा कि वे आगरा के प्रभारी के नाते आ रहे हैं या फिर जांच अधिकारी के रूप में। श्री सिंह ने फोन पर इस संवाददाता को इतना बताया कि वे बुधवार को सुबह नौ बजे एकलव्य स्टेडियम में मुलाकात करेंगे।


