सालाना वेतनवृद्धि और एक दिन के वेतन का भुगतान जल्द न किया तो न्यायालय की शरण में जाऊंगा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक द्वारा शासन के आदेशों की अवहेलना की जा रही है। इसको लेकर संयुक्त निदेशक, खेल राजनरायन सिंह ने पत्र लिखा है कि यदि उनकी वेतन विसंगतियों का निदान जल्दी नहीं किया गया तो वे न्यायालय की शरण में जाने को विवश होंगे।
निदेशक खेल को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि दिनांक 10.11.2025 का (एक दिवस) के वेतन एवं दिनांक 01.01.2026 को देय वार्षिक वेतन वृद्धि का भुगतान किए जाने के सम्बंध में शासन द्वारा कई बार स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं। इसके बावजूद न तो मेरा एक दिन के वेतन का भुगतान किया गया है और न ही वार्षिक वेतन वृद्धि की गयी है। जबकि वर्ष 2026 का पूरा साल निकला जा रहा है।
संयुक्त निदेशक ने निदेशक खेल को लिखे पत्र में कहा है कि शासन के पत्रांक 1/1516504/2026 दिनांक 06.11.2026, पत्रांक 1/1447067/2026 दिनांक 31.08.2026, पत्रांक ।/1298099/2026 दिनांक 15.04.2026 एवं पत्रांक 1/1289939/2026 दिनांक 06.04.2026 में खेल निदेशक द्वारा संयुक्त निदेशक आर एन सिंह के रोके गए एक दिवस का वेतन एवं दिनांक 01.01.2026 के रोके गए वार्षिक वेतन वृद्धि आदेश को निरस्त करते हुए तत्काल भुगतान किए जाने के निर्देश प्रदान किए गए हैं। इसके बावजूद अभी तक 01 दिवस का वेतन एवं दिनांक 01.01.2026 के रोके गए वार्षिक वेतन वृद्धि का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जो शासन के निर्देशों की अवेहलना के साथ-साथ संयुक्त निदेशक खेल आर एन सिंह का मानसिक उत्पीड़न भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा है कि जल्द ही उनका बकाया भुगतान न किया गया तो न्यायालय की शरण में जाने को बाध्य होना पड़ेगा।
ज्ञातव्य है कि आगरा में विगत 20 नवंबर को उप्र के खेल निदेशक आर पी सिंह ने पत्रकारों से कहा था कि उनका सेवा काल दो साल बढ़ाये जाने की फाइल चल रही है, जिसको रोकने के लिये विभाग के कुछ अधिकारी लगे हैं। जिनमें से एक की मैंने दो साल से पेंशन रोक रखी है और दूसरे का वेतन तथा सालाना वेतनवृद्धि रोक दी है। इसके बाद से ही लखनऊ के खेल विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गये हैं।


