अतिक्रमण: सिकंदरा क्षेत्र में एनएचएआई और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के साथ संयुक्त अभियान चलाया। सिकंदरा मंडी से सिकंदरा थाना तक चले इस विशेष अभियान के दौरान सड़क और सर्विस रोड पर किए गए अतिक्रमणों को हटाते हुए बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया।
प्रवर्तन दल ने अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़ी ठेल-धकेल, अस्थायी काउंटर, खोखे तथा दुकानों के सामने निकाले गए टिनशेड, विज्ञापन बोर्ड और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर हटाया। टीम द्वारा अतिक्रमण में प्रयुक्त सामग्री को जब्त कर नगर निगम के वाहनों में भरवाया गया। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति रही। कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से सिकंदरा मंडी से थाना क्षेत्र तक सड़क और सर्विस लेन पर अतिक्रमण बढ़ता जा रहा था। दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर सामान रखे जाने और अस्थायी ढांचे खड़े कर लिए जाने से सड़क की चौड़ाई कम हो रही थी। इसके कारण वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था तथा यातायात जाम की समस्या भी उत्पन्न हो रही थी।
कार्रवाई के दौरान एक बिल्डिंग मेटेरियल विक्रेता से प्रवर्तन दल की तीखी नोकझोंक भी हुई। संबंधित व्यापारी द्वारा सड़क पर निर्माण सामग्री फैलाई गई थी, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। अधिकारियों ने उसे तत्काल सामग्री हटाने के निर्देश दिए। कुछ देर तक बहस की स्थिति बनी रही, लेकिन बाद में टीम ने सख्ती दिखाते हुए सड़क पर फैले निर्माण सामग्री को हटवाया और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा और जहां-जहां सड़कों तथा सर्विस लेनों पर अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां बिना पूर्व सूचना के कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में नगर निगम की ओर से प्रवतन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता और एन एच ए आई की ओर से मैनेजर दीपक खटाना ने भाग लिया।

 

सड़क पर निर्माण सामग्री फैलाने वालों पर रहेगी विशेष नजर

अभियान के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई व्यापारियों द्वारा सड़क और सर्विस रोड पर बिल्डिंग मेटेरियल, गिट्टी, बालू एवं अन्य सामग्री रखी जा रही है। इससे सड़क संकरी होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ रही है। नगर निगम और एनएचएआई अधिकारियों ने ऐसे व्यापारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्ग पर निर्माण सामग्री रखने वालों के खिलाफ जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *