चोक सीवर लाइनें साफ कराने उतरीं जेट मशीनें, टूटी पुलियों और चैंबर की होगी मरम्मत

Press Release उत्तर प्रदेश

—- शहीद नगर में जलभराव की समस्या पर नगर निगम का एक्शन, जेडएसओ ने पार्षद के साथ किया निरीक्षण

आगरा। शहीद नगर के टैगोर नगर और भगत सिंह चौराहे के पास चोक नाला और सीवर उफनने से जलभराव की समस्या पर नगर निगम प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार के निर्देश पर सीवर जेट मशीन लगाकर अवरुद्ध सीवर लाइनों की सफाई कराई गई। सड़क पर भरे गंदे पानी को भी मशीन से खिंचवाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में जहां नाले के नीचे बैठी पुलियां जलनिकासी में बाधा बन रही हैं, उन्हें ठीक कराया जाएगा। वहीं टैगोर पार्क की क्षतिग्रस्त दीवारों और टूटे सीवर चैंबरों की भी मरम्मत कराई जाएगी। संबंधित अधिकारियों को नए सीवर चैंबर लगाने और पार्क की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को क्षेत्रीय जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा ने पार्षद दीपक वर्मा के साथ टैगोर नगर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर जलभराव और सीवर की समस्या की जानकारी ली। अधिकारियों ने लोगों को जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।

—- तीन महीने से परेशान थे लोग

शहीद नगर में पिछले करीब तीन महीनों से नाला और सीवर लाइन चोक होने के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। गंदा और बदबूदार पानी रास्तों के साथ पार्क और घरों तक पहुंच रहा था। इससे परेशान होकर रविवार को क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया था। कई लोगों ने विरोध में ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर भी लगाए थे।
स्थानीय लोगों का कहना था कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा था। जलभराव के कारण बच्चों का स्कूल जाना तक प्रभावित था और लोगों को मंदिर-मस्जिद जाने में भी परेशानी हो रही थी।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने कहा कि क्षेत्र का निरीक्षण कराकर लोगों की बताई समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। सीवर लाइन की सफाई के साथ क्षतिग्रस्त चैंबर, पुलियों, पार्क और जलनिकासी से जुड़ी समस्याओं को भी दूर कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *