—— स्ट्रीट लाइट पोलों से दूरी बनाए रखें, करंट हादसों से बचाव के लिए नगर निगम की अपील
आगरा। बरसात के मौसम में संभावित विद्युत हादसों को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत पोलों के आसपास दुकानें, ठेले और अस्थायी कारोबार लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और रोड डिवाइडरों पर लगे विद्युत पोलों के सहारे दुकानें संचालित करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
नगर निगम के मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम ने बताया कि सावन में लगने वाले मेलों के दौरान विद्युत पोलों के आसपास भीड़भाड़ लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन जाती है। यदि किसी कारणवश पोल में करंट उतर आता है तो वहां मौजूद दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों के साथ कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके अलावा पोलों के आसपास अतिक्रमण होने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
नगर निगम की ओर से ऐसे स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां बड़ी संख्या में लोग विद्युत पोलों के सहारे दुकानें और ठेले लगाकर व्यवसाय कर रहे हैं। इनमें राजामंडी, रुई की मंडी, टेढ़ी बगिया, बिजली घर, रावतपाड़ा, आवास विकास, शास्त्रीपुरम, बोधला, सिकंदरा, बेलनगंज सहित शहर के कई प्रमुख बाजार और व्यस्त मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा सावन के दौरान मंदिरों पर लगने वाले मेलों के दौरान इन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट पोलों और डिवाइडरों के आसपास अस्थायी दुकानों की वजह से अक्सर जाम की स्थिति बनती है और पैदल राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
मुख्य अभियंता ने कहा कि नगर निगम की टीमें नियमित रूप से ऐसे स्थानों का निरीक्षण करेंगी। पोलों के सहारे दुकान लगाने, भीड़ जुटाने अथवा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अपील —-
“बरसात के मौसम में विद्युत पोलों के आसपास दुकानें लगाना और अनावश्यक भीड़ एक बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। सभी दुकानदारों, ठेला संचालकों एवं नागरिकों से अपील है कि वे स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत पोलों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और इनके सहारे किसी भी प्रकार का व्यवसाय या जमावड़ा न करें। नगर निगम की कार्रवाई का उद्देश्य किसी का रोजगार प्रभावित करना नहीं, बल्कि जन-जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नियमों का पालन कर सभी नागरिक नगर निगम का सहयोग करें, ताकि किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।”
अजय कुमार राम, मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक), नगर निगम आगरा


