आगरा। संचारी रोगों की रोकथाम और शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार एंटी लार्वा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लोहामंडी जोन के वार्ड-83 राजा मंडी स्थित अहीरपाड़ा क्षेत्र में नगर निगम और म्यूज़ फाउंडेशन की संयुक्त टीम ने व्यापक स्तर पर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। अभियान नगर निगम के सीएसएफआई मुनेश मौर्य के निर्देशन में चलाया गया, जिसमें म्यूज़ फाउंडेशन की टीम, नगर निगम के कर्मचारियों तथा फील्ड स्टाफ ने संयुक्त रूप से क्षेत्र के नालों, जलभराव वाले स्थानों और मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर एंटी लार्वा का छिड़काव किया। अभियान के दौरान लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य संचारी रोगों के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
टीम ने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले, टंकियों और अन्य जल संग्रहण वाले पात्रों की नियमित सफाई करें तथा स्वच्छता बनाए रखें, जिससे मच्छरों के पनपने पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
अधिकारियों ने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए “क्लीन आगरा, ग्रीन आगरा” का संकल्प दिलाया तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने और नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि मानसून के दौरान संचारी रोगों की रोकथाम के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि समय रहते मच्छरजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


