श्रीरामलीला महोत्सव की तैयारियों को लेकर रामलीला मैदान और जनकपुरी में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने श्रीरामलीला महोत्सव की तैयारियों को लेकर रामलीला मैदान एवं भावना स्टेट में सज रही जनकपुरी का किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता, रामलीला मैदान व जनकपुरी में साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश

आगरा.2609/2026/आज जिलाधिकारी मनीष बंसल ने आगामी श्रीरामलीला महोत्सव की तैयारियों के दृष्टिगत ऐतिहासिक रामलीला मैदान तथा भावना एस्टेट में सजाई जा रही जनकपुरी का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ आयोजन स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सभी आवश्यक तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने रामलीला मैदान के निरीक्षण के दौरान मैदान की चारदीवारी की आवश्यक व्यवस्थाओं, नाले की समुचित सफाई, रैंप की व्यवस्था, दर्शक दीर्घा की रंगाई-पुताई तथा पूरे मैदान की उच्च स्तरीय साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि महोत्सव के दृष्टिगत आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी बुनियादी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रामलीला मैदान में साफ-सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए तथा आयोजन से जुड़े सभी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्थल पर आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी महोदय ने सिकंदरा क्षेत्र के भावना एस्टेट में सजी जनकपुरी का निरीक्षण किया तथा वहां चल रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
आगामी श्रीरामलीला महोत्सव, श्रीराम बारात तथा जनकपुरी को लेकर प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इस अवसर पर डीसीपी मनोज कुमार, अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राघवेंद्र वर्मा सहित श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारी एवं जनकपुरी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *