जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बटेश्वर मेला क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण, यमुना घाटों पर देखी व्यवस्थाएं, प्रमुख स्नान पर्व की तैयारियों का लिया जायजा
कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने हेतु घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती एवं सीसीटीवी से निगरानी के दिए निर्देश
मेला में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लगेंगी प्रदर्शनी एवं स्टॉल, प्रत्येक स्टॉल पर विभागीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के दिए निर्देश
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है, सभी विभाग समयबद्ध रूप से पूर्ण करें तैयारियां-जिलाधिकारी
आगरा.10/11/2026/आज जिलाधिकारी मनीष बंसल ने डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल के साथ मेला श्री बटेश्वरनाथ-2026 के दृष्टिगत बटेश्वर मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यमुना घाटों, मंदिर परिसर, मेला स्थल, पार्किंग एवं श्रद्धालुओं के आवागमन मार्गों का निरीक्षण करते हुए कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व को सकुशल, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यमुना घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, गहरे पानी के संकेतक, लाल झंडी एवं रस्सों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त गोताखोरों, फ्लड पीएसी, स्टीमर एवं मोटरबोट की तैनाती तथा सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी सुनिश्चित करने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त चेंजिंग रूम एवं महिला स्नानघर बनवाने एवं घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कूड़ा-करकट एवं मलबे का तत्काल निस्तारण कराने तथा मेला क्षेत्र में टेंट एवं अन्य अस्थाई संरचनाएं निर्धारित स्थलों पर व्यवस्थित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए सुदृढ़ ट्रैफिक प्लान एवं निर्धारित पार्किंग स्थलों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मेला क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल टैंकर, मोबाइल टॉयलेट, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा एवं एंबुलेंस सुविधा तथा फायर ब्रिगेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि मुख्य मार्गों पर आवागमन बाधित न हो तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
जिलाधिकारी ने उद्योग विभाग, महिला कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों को अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाने तथा प्रत्येक स्टॉल पर संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करने एवं आमजन को शासन की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ब्रह्मलाल जी मंदिर में विधि-विधान से भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक किया तथा मेला सकुशल एवं सुखद रूप से संपन्न होने की कामना की।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व पर भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाटों, यातायात एवं स्वच्छता की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
गौरतलब है कि दिनांक 11नवंबर 2026 से आगामी 28 नवंबर 2026 तक बटेश्वर में दिव्य, भव्य एवं अलौकिक जनमेला आयोजित होगा। कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान 24 नवंबर 2026 को होगा।
निरीक्षण में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत मुकेश जैन, एसडीएम विनोद चौधरी, तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ, पूर्व विधायक डॉ राजेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।


