आगरा। सरोजिनी नायडू (एस.एन.) मेडिकल कॉलेज, आगरा के कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (CTVS) विभाग के डॉक्टरों ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट चिकित्सकीय दक्षता का परिचय दिया है। विभाग में एक 67 वर्षीय बुजुर्ग मरीज श्री श्रिपाल की अत्यंत जटिल और संवेदनशील ‘एओर्टो-बाइफेमोरल बाईपास सर्जरी’ (Aortobifemoral Bypass Surgery) सफलतापूर्वक संपन्न की गई है।
यह जटिल ऑपरेशन CTVS सर्जन और प्रोफेसर डॉ. अतुल कुमार गुप्ता (MBBS, MS, M.Ch.) के कुशल नेतृत्व में किया गया।
इस ऐतिहासिक शल्य चिकित्सा में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ स्वेता शर्मा, जूनियर डॉक्टर डॉ. शशि प्रकाश, डॉ. मोहित तथा CTVS विभाग की पूरी एनेस्थीसिया और नर्सिंग टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
क्या होती है यह जटिल सर्जरी?
डॉ अतुल कुमार गुप्ता ने बताया कि एओर्टो-बाइफेमोरल बाईपास एक बेहद जटिल संवहनी शल्य चिकित्सा (Vascular Surgery) प्रक्रिया है। यह मुख्य रूप से गंभीर परिधीय धमनी रोग (Peripheral Arterial Disease) और एओर्टो-इलियक अवरोध से पीड़ित मरीजों में की जाती है, जब पैरों में रक्त का प्रवाह पूरी तरह बाधित हो जाता है। इस प्रक्रिया में पेट की मुख्य धमनी (Aorta) से दोनों पैरों की मुख्य धमनियों (Femoral Arteries) तक रक्त प्रवाह को सुचारू रूप से बहाल करने के लिए एक कृत्रिम बाईपास ग्राफ्ट लगाया जाता है।
एस एन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा:
“एस.एन. मेडिकल कॉलेज आगरा में जटिल से जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा रहीं हैं, जिससे आगरा एवं आसपास के मरीज लाभान्वित हो रहे हैं। हमारा उद्देश्य आम जनता को विश्वस्तरीय और उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।”


