नगर निगम के नाम से अवैध पार्किंग चलाने वाले पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने तथा सम्बन्धित को जेल भेजने के दिए निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश
मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग व जनपद प्रभारी मंत्री  जयवीर सिंह  की अध्यक्षता में जनपद के विकास कार्यों तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई संपन्न।
फुंके ट्रांसफार्मर बदलने में देरी पर  प्रभारी मंत्री  ने जताई कड़ी नाराजगी, तत्काल रिप्लेसमेंट के निर्देश, भीषण गर्मी में तय रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश।
फतेहपुर सीकरी स्मारकों के आसपास अवैध निर्माण पर टेक्निकल टीम गठित कर सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही के दिए निर्देश
बिना नम्बर के डम्परों के विरूद्ध पुलिस करे प्रभावी अभियान संचालित, अवैध बालू, मोरंग, मिट्टी व पत्थर खनन मामलों में जिलाधिकारी करेंगे औचक निरीक्षण, ग्रामीण सड़कों पर भारी वाहनों के संचालन पर लगेगी पूर्ण रोक, मार्ग क्षतिग्रस्त होने पर सम्बन्धित से लिया जायेगा हर्जाना-मा0 प्रभारी मंत्री।
रामबाग समेत अवैध पार्किंग वसूली पर होगी सख्ती, बिना पार्किंग स्थल के अनुमति देने, नगर निगम के नाम पर अवैध पार्किंग चलाने वालों पर होगी प्रभावी कार्यवाही।
सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली व अधिशासी अभियंता की शिथिलता पर लगाई कड़ी फटकार, टेल तक पानी न पहुंचाने, जल वितरण के त्रृटिपूर्ण आंकड़ों की जांच के दिए आदेश।
बैठक में लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति पर शो-कॉज नोटिस के निर्देश, जिला उद्यान अधिकारी और समाज कल्याण अधिकारी के रिक्त पदों पर होगी शीघ्र नियुक्ति।
आगरा.22.05.2026/आज  मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग व जनपद प्रभारी मंत्री  जयवीर सिंह  की अध्यक्षता में जनपद के विकास कार्यों तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक नवीन सर्किट हाउस सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम प्रभारी मंत्री  द्वारा पुलिस विभाग की समीक्षा की गई, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार द्वारा जनपद के 03 वर्ष के अपराध व कानून व्यवस्था सम्बन्धी आंकड़े प्रस्तुत किए जिसमें महिला अपराध,एससी/एसटी एक्ट और बाल अपराध से सम्बन्धित अपराध में आई कमी को प्रस्तुत किया, उन्होंने यातायात पुलिस की कार्यवाही, आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत तैयारी की भी प्रस्तुति दी, बैठक में मा0 जनप्रतिनिधियों ने रामबाग सहित विभिन्न अवैध पार्किंग पर की जा रही अवैध वसूली के प्रकरण को रखा, मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि शासनादेश में पार्किंग पर्ची कटवाने के बाद वहीं पर्ची पूरे दिन उस शहर की सभी पार्किंगों में कार्य करने का नियम है, बिना स्थान के सड़क पर वाहन खड़ा कर पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है,मा0 प्रभारी मंत्री महोदय ने नगर निगम के अधिकारियों को अवैध वसूली व अवैध पार्किंग तत्काल बंद करने, सड़क/रोड पर वाहनों की पार्किंग कर अवैध वसूली करने पर पुलिस को सम्बन्धित के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने, नगर निगम बिना पार्किंग स्थान चिन्हित किए अनुमति न देने, सड़क व रोड पर पार्किंग न करने, पार्किंग की क्षमता, रेट लिस्ट, ठेकेदार व पार्किंग स्थल का नाम का साइनेज लगाने,शहर की सभी पार्किंग की सूची पुलिस को देने,तथा पार्किंग कर्मचारियों का एक ड्रेस कोड नियत कर अनुपालन कराने के कड़े निर्देश दिए। मा0 प्रभारी मंत्री महोदय ने नगर निगम के नाम से अवैध पार्किंग चलाने वाले पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने तथा सम्बन्धित को जेल भेजने के निर्देश दिए। मा0 मंत्री महोदय ने उक्त कार्य कि जिलाधिकारी महोदय द्वारा प्रभावी माॅनीटरिंग करने, अनुपालन न होने पर सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक में जनपद में अवैध बालू,मोरंग,मिट्टी, पत्थर आदि के अवैध खनन की मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा शिकायत पर मा0 जनपद प्रभारी मंत्री महोदय ने जिलाधिकारी महोदय को सम्बन्धित खनन की जनप्रतिनिधियों से गोपनीय रिपोर्ट लेकर औचक निरीक्षण कर सम्बन्धित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि विभिन्न ग्रामीण सड़कों पर खनन कार्य करने वाले भारी वाहनों के संचालन से नवीन बनी सड़कों व मरम्मतीकरण का कार्य क्षतिग्रस्त हो रहा है, अतः उन सड़कों पर भारी वाहनों के संचालन को प्रतिबन्धित किया जाए, मा0 मंत्री महोदय ने खनन सम्बन्धी अनुमति में यह शर्त लगाने के निर्देश दिए कि सड़क क्षतिग्रस्त होती है तो सम्बन्धित की जिम्मेदारी तय की जायेगी। ग्वालियर रोड रोहता नहर पर बिना नम्बर के डम्पर का संचालन पर मा0ं प्रभारी मंत्री जी ने पुलिस आयुक्त से कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा रोहता नहर सड़क से भारी वाहन न गुजारने व बिना नम्बर के डम्परों के विरूद्ध अभियान संचालित कर आगामी बैठक में तदसम्बन्धी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
बैठक में फतेहपुरसीकरी स्मारकों के आस-पास अवैध निर्माण की शिकायत की गई,  जिलाधिकारी को एक टेक्नीकल टीम बनाकर, जिसमें प्रशासन,एएसआई को शामिल कर अवैध निर्माण चिन्हित कर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक में सिंचाई विभाग द्वारा सिर्फ टेल तक पानी पहुंचाकर उसका फोटो खींचकर नहरों में पानी बन्द कर देने, अधिशासी अभियंता सिंचाई द्वारा किसी भी जनप्रतिनिधि का फोन न उठाने, व अत्यंत शिथिल कार्य प्रणाली होने की शिकायत की गई, अधिशासी अभियंता को बैठक में कड़ी फटकार लगाई तथा जवाब तलब किया, अधिशासी अभियंता ने बताया कि लगातार जलापूर्ति की गई है, जनप्रतिनिधियों ने बैठक में प्रस्तुत किए गये जल वितरण के आंकड़ों को गलत बताया व उन्होंने कहा कि नियमानुसार 07 दिन तक टेल पर पानी रहने का नियम है, जनपद प्रभारी मंत्री ने सम्बन्धित सभी एसडीएम के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता सिंचाई द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों का सत्यापन कराने तथा सम्बन्धित रिपोर्ट 03 दिन में उपलब्ध कराने, यदि गलत रिपोटिंग पाई जाती है तो अधिशासी अभियंता सिंचाई के विरूद्ध उच्च स्तर पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक में लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा की गई, लेकिन अधिशासी अभियंता के बैठक से अनुपस्थित रहने पर शो-काॅज नोटिस देने के निर्देश दिए, मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि लघु सिंचाई विभाग द्वारा निःशुल्क बोरिंग, तालाब खुदाई तथा अनेक कार्य सम्पादित किए जाते हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों से न कोई प्रस्ताव लिया जाता है, न उनकी अनुमति से कार्य कराये जाते हैं, मा0 मंत्री महोदय ने सभी जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव लेने के निर्देश दिए। बैठक में उ0प्र0 में जनपद का आलू उत्पादन में पहचान होने,तथा अनेक कृषि उत्पादन होने पर भी जिला उद्यान अधिकारी जैसा महत्वपूर्ण पद रिक्त होने पर शिकायत की गई, जिस पर मा0 प्रभारी मंत्री महोदय ने जिला उद्यान अधिकारी व समाज कल्याण अधिकारी का पद रिक्त होने का तत्काल संज्ञान लिया, जिलाधिकारी को शासन को पत्र प्रेषित करने व उसकी काॅपी मा0 मंत्री महोदय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे कि शासन में पैरबी कर तत्काल दोनों महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में विकास खण्ड एत्मादपुर के नगला महासिंह में नवनिर्मित पीएचसी पर डाक्टरों की नियुक्ति न होने पर, मा0 प्रभारी मंत्री महोदय ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को 15 दिन में डाक्टर की नियुक्ति कर संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पशुपालन विभाग की समीक्षा की गई, जिसमें निरश्रित गौवंश को पकड़ने हेतु नगर निगम व नगर पालिका, जिला पंचायत के कैटल कैचर व संसाधनों का उपयोग करते हुए  आवारा पशुओं को पकड़ने हेतु प्रभावी अभियान संचालित करने तथा सभी वृहद निराश्रित गौ-आश्रय स्थलों में उनकी क्षमता अनुसार गौवंश को संरक्षित करने के निर्देश दिए तथा गौशालाओं से लिंक भूमि से कब्जामुक्त कर अधिक से अधिक हरे चारे की बुआई करने के भी निर्देश दिए। बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि ऐसे मजरे व गांव जो विद्युतीकरण से अछूते हैं, उनको संतृप्त करने हेतु आरडीएसएस के अन्तर्गत कार्य कराया जा रहा है, लेकिन विधानसभा बाह तथा अन्य क्षेत्रों में कार्यदायी कम्पनी द्वारा मा0 जनप्रतिनिधियों को नहीं अवगत कराया गया, न विश्वास में लिया गया है तथा उक्त कार्यदायी कम्पनी द्वारा कराये जा रहे कार्यों के बारे में अधिशासी अभियंता फतेहाबाद ने कार्य की गुणवत्ता को खराब बताया है एवं कम्पनी के कार्यशैली से भीषण गर्मी से लोग परेशान है, मा0 मंत्री महोदय ने कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद में भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर जलने के 10-12 दिन के बाद रिप्लेसमेंट पर मा0 मंत्री महोदय ने कड़ी फटकार लगाई, तथा ट्रांसफार्मर जलने की सूचना पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी के मौसम के दृष्टिगत फुंके ट्रांसफार्मर बदलने में विलम्ब होने की शिकायत बर्दाश्त नहीं की जायेगी, मा0 मंत्री महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आरडीएसएस के अन्तर्गत हुए कार्यों का पूरा लेखा-जोखा तथा जनपद में अभी तक कितने ट्रांसफार्मर जले हैं, कितने रिप्लेसमेंट हुए हैं, आदि का सम्पूर्ण ब्यौरा जिलाधिकारी महोदय के साथ बैठक कर प्रस्तुत करने, तथा तय रोस्टर घण्टों के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, फुंके ट्रांसफार्मर को तत्काल बदले जाने तथा जिलाधिकारी को समस्त प्रक्रिया को प्रभावी माॅनीटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में टोरंट लि0 की समीक्षा की गई तथा शहर के अन्य क्षेत्रों में भी भूमिगत विद्युत आपूर्ति करने के निर्देश दिए। बैठक में मा. केबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के प्रतिनिधि यशपाल राणा जी के द्वारा ग्राम पंचायत कुंडोल ब्लॉक बरौली अहीर में जल निगम की टंकी को तोड़े जाने और अब भीषण पानी की किल्लत का मुद्दा बैठक में रखा गया, जिस पर मा0 मंत्री महोदय ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में मा. महापौर हेमलता दीवाकर, मा. जिला पंचायत अध्यक्ष डा. मंजू भदौरिया, मा0 राज्यसभा सदस्य श्री नवीन जैन, मा0 विधायक डा. जी.एस. धर्मेश जी, श्री पुरुषोत्तम खण्डेलवाल जी, चै0 बाबूलाल जी, डा. धर्मपाल सिंह जी, श्री भगवान सिंह कुशवाहा, श्री छोटेलाल वर्मा जी, मा. एमएलसी श्री विजय शिवहरे जी एवं श्री आकाश अग्रवाल जी, जिला अध्यक्ष भाजपा श्री प्रशांत पौनियां, महानगर अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता जी, माननीय मंत्री महिला बाल विकास श्रीमती बेबी रानी मौर्य जी के प्रतिनिधि श्री यशपाल राणा, मा0 विधायक श्रीमती रानी पक्षालिका जी के प्रतिनिधि श्री भरत सिंह, पुलिस आयुक्त श्री दीपक कुमार, जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल, नगर आयुक्त श्री संतोष वैश्य, सीएमओ डा. अरुण श्रीवास्तव सहित जनपद के सभी अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *