किसानों को उर्वरक-खाद की नहीं होने दी जाएगी समस्या, सहकारी समितियों को दिए निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सुनी कलेक्ट्रेट सभागार में किसानों की समस्याएं

आगरा.31.07.2026आज जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में एत्मादपुर मदरा व रायपुर रहनकला गांव के किसानों की जमीन अधिग्रहण संबंधी विभिन्न समस्याओं,उर्वरक खाद,और खसरा-खतौनी से नाम हटाने आदि विषयक बिंदुओं पर बैठक संपन्न हुई।

जिलाधिकारी के समक्ष किसानों द्वारा एत्मादपुर मदरा क्षेत्र में आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा किसानों के नाम खसरा-खतौनी से हटाए जाने के प्रकरण को रखा, जिलाधिकारी महोदय ने किसानों की विस्तार से समस्याओं को सुना तथा व्यवस्था दी कि चूंकि मामला मा.हाईकोर्ट में विचाराधीन है, मा.कोर्ट के निर्णय तक किसानों के नाम खसरा-खतौनी से नहीं हटाए जाएंगे।
जिलाधिकारी को बताया गया कि उक्त क्षेत्र के किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से मिलने वाले उर्वरक, खाद आदि में समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिलाधिकारी महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे सभी किसान, सहकारी समितियों से उर्वरक, खाद आदि क्रय कर सकेंगे, खाद आपूर्ति में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी तथा संबंधित सहकारी समितियों को इस हेतु निर्देश सुनिश्चित किए जाएंगे।
बैठक में किसानों द्वारा रायपुर रहनकला में कुछ किसानों को अभी तक मुआवजा राशि का भुगतान न होने, सड़क किनारे की जमीनों के मूल्यांकन और दरों को लेकर कुछ किसानों की आपत्तियों संबंधी प्रकरण को रखा गया, जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित से जानकारी तलब की,जिसमें बताया गया कि अधिकांश किसानों को लगभग 85 से 90 प्रतिशत ने सहमति से भूमि का मुआवजा विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलओ) कार्यालय के माध्यम से वितरित कर मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जा चुका है, जिन किसानों द्वारा नियम विरुद्ध भूमि अधिग्रहण के बाद भूमि का विक्रय किया गया है उनकी मुआवजा राशि शेष है, जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी भूमि के अधिग्रहण नोटिफिकेशन के बाद उसका विक्रय करना कानूनी रूप से गलत है,उक्त प्रकरण में जल्द कार्यवाही कर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी महोदय ने किसानों को आश्वस्त किया कि भूमि अधिग्रहण संबंधी विभिन्न समस्याओं का एडीए के अधिकारियों के साथ समन्वय व विचार विमर्श कर उचित समाधान किया जाएगा व किसानों की नियमानुसार, वाजिब,शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला, किसान प्रतिनिधि तथा संबंधित क्षेत्रों के किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *