आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आगरा अंकित गुप्ता के निर्देशन में मंडल वाणिज्य प्रबंधक आगरा बी एस चौहान द्वारा आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4 पर स्थित खानपान स्टालों एवं यात्री सुविधाओं का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खानपान स्टालों पर उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता, निर्धारित दर सूची, यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा स्टाल संचालकों द्वारा रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की गहन समीक्षा की गई। साथ ही पेयजल व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा एवं अन्य यात्री सुविधाओं का भी निरीक्षण कर संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा स्टाल संचालकों को निर्देशित किया गया कि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसर में स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
आगरा मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे।


