दुबई एयर शो में डेमो उड़ान के दौरान भारतीय तेजस लड़ाकू विमान क्रैश

National

दुबई एयर शो में शुक्रवार को भारतीय तेजस लड़ाकू विमान एक डेमो उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 2:10 बजे तेजस एयर शो में अपना प्रदर्शन दे रहा था, तभी अचानक वह नियंत्रण खो बैठा और नीचे गिरते ही जोरदार धमाके के साथ क्रैश हो गया। टक्कर के बाद घटनास्थल पर काले धुएं का विशाल गुबार उठ गया।

हादसे के तुरंत बाद पायलट की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने समय रहते इजेक्ट किया या नहीं। मौके पर मौजूद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। एयर शो देखने आए हजारों लोग—जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे—ने विमान को गिरते और धमाका होते देखा, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

45 मिनट में आग पर काबू

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद हेलिकॉप्टर और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंच गईं और तेजी से राहत कार्य शुरू किया। लगभग 45 मिनट में आग पर नियंत्रण पा लिया गया और स्थिति को संभाल लिया गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कार्यक्रम को फिर से शुरू किया जाएगा या नहीं।

दुर्घटना स्थल सील, जांच शुरू

एयर शो अधिकारियों ने हादसे वाले क्षेत्र को पूरी तरह बंद कर दिया और सभी फ्लाइंग गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोक दिया। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। भारतीय एजेंसियां भी दुबई अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं और जानकारी जुटा रही हैं।

दुबई एयर शो : दुनिया का सबसे बड़ा एयरोस्पेस मंच

‘द फ्यूचर इज हियर’ थीम के साथ दुबई एयर शो का 19वां संस्करण 17 से 21 नवंबर तक दुबई वर्ल्ड सेंट्रल में आयोजित हो रहा है। इस बार 200 से अधिक विमानों का रिकॉर्ड प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसमें कमर्शियल, मिलिट्री, प्राइवेट जेट, यूएवी और नई पीढ़ी की एयरोस्पेस तकनीकें शामिल हैं।

यह अब तक का सबसे बड़ा फ्लाइंग और स्टैटिक डिस्प्ले माना जा रहा है। कार्यक्रम में 115 देशों से आए 490 सैन्य और नागरिक प्रतिनिधिमंडल और 1.48 लाख से अधिक ट्रेड विजिटर्स शामिल हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *