पीईटी परीक्षा की तैयारियों के मद्देनजर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन का किया औचक निरीक्षण

Press Release उत्तर प्रदेश

होल्डिंग एरिया, हेल्प डेस्क एवं खानपान सुविधाओं का लिया जायजा, परीक्षार्थियों से व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया

उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) के मद्देनजर अभ्यर्थियों की सुविधा, सुगम आवागमन एवं स्टेशनों पर बेहतर यात्री प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से श्री अंकित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, आगरा द्वारा आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों एवं अन्य यात्रियों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस क्रम में दोनों स्टेशनों पर बनाए गए होल्डिंग एरिया, हेल्प डेस्क बूथ, खानपान सुविधाओं तथा यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए की गई अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। उन्होंने होल्डिंग एरिया में विश्राम कर रहे परीक्षार्थियों से बातचीत की तथा रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में उनका फीडबैक भी लिया।

अंकित गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रखी जाएं। यात्रियों को ट्रेनों एवं यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराने, हेल्प डेस्क के माध्यम से अभ्यर्थियों की सहायता करने तथा खानपान सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा भीड़ का व्यवस्थित प्रबंधन करने के निर्देश भी दिए गए।

रेलवे प्रशासन द्वारा पीईटी परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों एवं अन्य यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन सहित संबंधित स्टेशनों पर की गई व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *