
तेज नगर कमला नगर में मेघराज दियालानी के निवास पर जुटीं सुहागिनें, प्रेम, विश्वास और सामाजिक एकता का दिया संदेश
आगरा। दांपत्य प्रेम, समर्पण और अटूट विश्वास का प्रतीक करवा चौथ पर्व गुरुवार को ताजनगरी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कमला नगर स्थित तेज नगर में समाजसेवी गिन्नी दियालानी के निवास पर सामूहिक करवा चौथ पूजन का आयोजन हुआ। इसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की और अपने पति की दीर्घायु तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
पारंपरिक परिधानों और सोलह श्रृंगार से सजी महिलाओं के बीच पर्व की विशेष रौनक देखने को मिली। पूजा की थाली, करवा चौथ की कथा और चांद के दीदार से जुड़ी परंपराओं ने आयोजन को भक्तिमय और उत्सवी माहौल प्रदान किया। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन कर पर्व की परंपराओं का निर्वहन किया।
इस अवसर पर मेघराज दियालानी ने कहा कि करवा चौथ केवल व्रत और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि पति-पत्नी के बीच प्रेम, निष्ठा, आपसी सम्मान और विश्वास को मजबूत करने का अवसर भी है। यह पर्व परिवार की खुशहाली और दांपत्य जीवन की मधुरता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से त्योहार मनाने का उद्देश्य समाज की महिलाओं को एक मंच पर एकत्रित करना और आपसी मेल-मिलाप, सहयोग तथा सौहार्द की भावना को प्रोत्साहित करना है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी परंपराओं से जुड़ने के साथ ही एक-दूसरे के सुख-दुख साझा करने का अवसर भी देते हैं। सामूहिक उत्सवों के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में भी मदद मिलती है।
कार्यक्रम में गिन्नी दियालानी, भाविका दियालानी, मंजू दियालानी, प्रीति बुलचंदानी, चांदनी वासवानी, डिम्पल वासवानी, नीरू वत्यानी, मेधा नाथवानी, नेहा वत्यानि, जीविका, पलक, सौम्या वाधवानी, काव्या वाधवानी, ममता वत्यानी,नीरू खण्डारी, कंचन दादलानी, रश्मि बुधरानी, नैना जेठवानी, सिद्धि आयलानी, डिंपल वासवानी,पलक वाधवानी, शालू बत्रा, आरजू, विनीता, जीविका,सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।


