सफाई के बाद दोबारा कूड़ा डाला तो होगी कार्रवाई, डे-नाइट निगरानी में रहेंगे प्रमुख स्थल

Press Release उत्तर प्रदेश

—– स्वच्छता सेवा अभियान के तहत चारों जोन के प्रमुख स्थानों पर चलाया गया अभियान

आगरा। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियानों के बाद अब इन स्थानों को दोबारा कूड़े के ढेर में तब्दील होने से रोकने की तैयारी की गई है। नगर निगम प्रशासन ने ऐसे स्थानों पर डे-नाइट कर्मचारियों की तैनाती कर नियमित निगरानी की रणनीति बनाई है। निगरानी के दौरान खुले में कूड़ा डालते पकड़े जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम के चारों जोन में पांच प्रमुख स्थानों पर विशेष वृहद सफाई अभियान चलाया गया। छत्ता जोन में बिजलीघर स्थित रामलीला मैदान, ताजगंज जोन में नगला तेज चंद मैदान, हरीपर्वत जोन में करकुंज चौराहा और जज कंपाउंड तथा लोहामंडी जोन में कोठी मीना बाजार मैदान में विशेष सफाई कराई गई। अभियान के दौरान मैदानों और आसपास के क्षेत्रों से जमा कचरे को हटाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की गई।जमा किए गए कचरे को एकत्रित कर कुबेर पुर लैंड फील्ड भेजने के लिए दर्जनों वाहनों का इस्तेमाल किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा ने बताया कि नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, केवल सफाई कराने तक अभियान को सीमित नहीं रखा जाएगा। जिन स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर सफाई कराई जा रही है, वहां दोबारा कूड़ा न जमा हो, इसके लिए कर्मचारियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। जरूरत के अनुसार दिन और रात में कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। नगर निगम की टीम लोगों को खुले में कूड़ा नहीं डालने के लिए जागरूक भी करेगी।

—- प्रमुख मैदानों का बदला स्वरूप

मेयर हेमलता दिवाकर और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के दिशा-निर्देशन में नोडल अधिकारियों की निगरानी में चलाए गए अभियान के तहत बिजलीघर रामलीला मैदान और कोठी मीना बाजार और ताजगंज के नगला तेज चंद मैदानों का स्वरूप बदल गया। नगर निगम की टीम ने यहां जमा कचरे को हटाने के साथ ही आसपास के हिस्सों की भी सफाई कराई।
अभियान के दौरान नगर निगम के जेडएसओ, एसएफआई और अन्य नोडल अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि खुले में कूड़ा न फेंकें। लोगों से कहा गया कि कूड़ा निर्धारित कूड़ेदान में डालें अथवा कूड़ा लेने के लिए आने वाली गाड़ी को ही दें। मौके पर मौजूद लोगों ने भी नगर निगम की टीम को सहयोग का भरोसा दिलाया।

—- निगरानी के साथ जागरूकता पर भी जोर

नगर निगम प्रशासन का फोकस सफाई के साथ-साथ लोगों की आदत में बदलाव लाने पर भी है। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें शहरवासियों की भागीदारी भी जरूरी है। सफाई के बाद यदि लोग दोबारा खुले में कूड़ा नहीं डालेंगे तो इन स्थानों को लंबे समय तक साफ रखा जा सकेगा।
अभियान के दौरान सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा के अलावा सभी क्षेत्रीय जेडएसओ, सुपरवाइजर और अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभियान के दौरान सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ कर्मचारियों को नियमित निगरानी और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *