आगरा/पंजाब: ताजनगरी की सुख जीवन स्पोर्टस अकैडमी के युवा हॉकी खिलाड़ियों ने पंजाब की धरती पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए इतिहास रच दिया है। पंजाब के रामपुर में 12 से 15 फरवरी तक आयोजित ‘प्रथम ऑल इंडिया प्राइज मनी हॉकी गोल्ड कप (अंडर-19)’ के रोमांचक फाइनल मुकाबले में आगरा की सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने मेजबान टीम को हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
रोमांचक फाइनल प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला बेहद कड़ा और संघर्षपूर्ण रहा। फाइनल में सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी का सामना मेजबान रामपुर अकादमी से हुआ।
मैच के तीन क्वार्टर तक दोनों ही टीमें एक-दूसरे के डिफेंस को भेदने में नाकाम रहीं। दोनों ही टीमों का स्कोर बिना किसी गोल के बराबरी पर रहा।
आखिरी पलों में कुणाल का ‘गोल्डन गोल’ मैच के अंतिम और चौथे क्वार्टर में जब खेल खत्म होने में कुछ ही मिनट शेष थे, तब 10वें मिनट में आगरा की टीम को एक महत्वपूर्ण पेनल्टी कॉर्नर मिला। स्टार खिलाड़ी कुणाल ने कोई चूक न करते हुए इस मौके को गोल में तब्दील कर दिया। यही एकमात्र गोल निर्णायक साबित हुआ और सुखजीवन अकादमी ने खिताब अपने नाम कर लिया। टीम के कोच दिलीप शर्मा ने बताया कि टीम पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन कॉम्बिनेशन के साथ खेली ओर सेमीफाइनल एवं फ़ाइनल तक अजेय रही टीम ग्रुप स्टेज अकादमी ने अपने सभी मैच जीतकर दबदबा बनाया।
क्वार्टर फाइनल: कश्मीर की मजबूत टीम को हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
सेमीफाइनल: गोपाल दास हॉकी कुराली के खिलाफ कड़े मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट (1-0) के जरिए फाइनल में प्रवेश किया।
अकैडमिक की चेयरपर्सन सुख जीवन सोई ने बताया कि खिलाड़ियों का होगा भव्य स्वागत ।अब हम जीते गए नक़द पुरस्कार एक लाख रुपया सभी खिलाड़ियों एवं स्पोर्टिंग स्टाफ़ कोच मैनेजर को अकादमी की ओर से भी वितरण किया जाएगा।
अकादमी के अध्यक्ष राजीव सोई और सचिव अमिताभ गौतम ने टीम की इस उपलब्धि को मील का पत्थर बताया। उन्होंने कोच की रणनीति और खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना करते हुए घोषणा की कि आगरा लौटने पर पूरी टीम का भव्य नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
”यह जीत आगरा में हॉकी के पुनरुद्धार का संकेत है। हमारे खिलाड़ियों ने अनुशासन और तकनीक का जो प्रदर्शन पंजाब में किया, वह काबिले तारीफ है।” — अमिताभ गौतम, सचिव
खेल प्रेमियों ने दी बधाई
इस बड़ी जीत पर खेल जगत की हस्तियों ने खुशी जाहिर की है। ओलंपियन एवं पूर्व इंडियन कैप्टन जगबीर सिंह ,धर्मेंद्र बघेल, अमरजीत सिंह, केपी सिंह यादव, संजय नेहरू, अजय सिंह राजपूत, डॉ. जयशंकर यादव, गौरव, बंटी यादव, चौधरी एम डी अहमद खान, धर्मेश सिंह और सूरज सहित कई खेल प्रेमियों ने टीम को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


