आगरा विंटर कार्निवल मेले का भव्य आगाज़, मनोरंजन और खरीदारी से सजा बीएसएनएल ग्राउंड

Press Release

आगरा। शहर के तारघर स्थित बीएसएनएल ग्राउंड में शनिवार को आगरा विंटर कार्निवल मेले का भव्य उद्घाटन किया गया। मनोरंजन, खरीदारी और स्वादिष्ट व्यंजनों के संगम वाले इस मेले के शुभारंभ के साथ ही पूरे परिसर में उत्साह और रौनक का माहौल देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनियों से सजा परिसर, आकर्षक स्टॉल और बच्चों से लेकर युवाओं तक की भारी भीड़ ने मेले को उत्सव में बदल दिया।

मेले में लगाए गए आधुनिक और पारंपरिक झूले लोगों के लिए मुख्य आकर्षण बने हुए हैं। रॉलिंग टॉवर झूले सहित रोमांचक राइड्स युवाओं को खासा पसंद आ रही हैं, वहीं बच्चों के लिए सुरक्षित और छोटे झूलों की अलग व्यवस्था की गई है। परिवार के हर वर्ग के लिए मनोरंजन के साधनों ने मेले को और खास बना दिया है।

खरीदारी के शौकीनों के लिए भी यह मेला किसी आकर्षण से कम नहीं है। यहां कपड़े, फैशन एक्सेसरीज़, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, किचन आइटम्स और सजावटी सामान सहित रोजमर्रा की जरूरत का हर सामान विभिन्न स्टॉल्स पर उपलब्ध है।

इसके साथ ही खाने-पीने के स्टॉल्स पर चाट-पकौड़ी, मिठाइयाँ, फास्ट फूड और पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू लोगों को अपनी ओर खींच रही है, जहां हर उम्र के लोग स्वाद का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।

उद्घाटन अवसर पर सुग्रीव सिंह चौहान की उपस्थिति रही। इस दौरान प्रसिद्ध हास्य कलाकार बाबू गप्पी और देवकांत त्यागी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को खूब गुदगुदाया और माहौल को और जीवंत बना दिया। उनकी हास्य शैली और संवादों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

इस मौके पर मेले के ऑनर राजेन्द्र भदौरिया, संचालक यशवंत मुल्तानी, पार्षद संजू सिकरवार, रामू परमार, मनीष शर्मा, विनीत शर्मा सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने मेले की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे परिवार सहित घूमने के लिए उपयुक्त बताया।

आयोजकों के अनुसार, आगरा विंटर कार्निवल मेला शहरवासियों को एक ही स्थान पर मनोरंजन, खरीदारी और स्वाद का आनंद देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। आने वाले दिनों में मेले में और भी आकर्षण जोड़े जाएंगे, जिससे यह शहरवासियों के लिए प्रमुख मनोरंजन केंद्र बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *