जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जनपदवासियों से की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में स्व-गणना के माध्यम से सहभागिता करने की अपील
01 दिसंबर से 04 जनवरी तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर होगी जनसंख्या गणना, स्व-गणना करने वाले परिवारों को भी प्रगणक को उपलब्ध करानी होगी अपनी एसई आईडी
आगरा.17/11/2026/जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जनपद के समस्त नागरिकों से जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान में सहभागिता करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि जनगणना देश की प्रगति, भविष्य की आवश्यकताओं के आकलन तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आधारभूत आंकड़े उपलब्ध कराती है। किसी भी क्षेत्र, राज्य अथवा जनपद की जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति, शैक्षिक स्तर तथा आवश्यकताओं की सही जानकारी जनगणना के माध्यम से प्राप्त होती है, जिसके आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं का प्रभावी नियोजन किया जाता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2011 के बाद अब आयोजित हो रही जनगणना-2027 में पहली बार व्यापक स्तर पर डिजिटल तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। जनगणना को दो चरणों में संपन्न कराया जा रहा है। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। उत्तर प्रदेश में द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिक आधिकारिक वेबसाइट **https://se.census.gov.in/** पर जाकर अपने मोबाइल नंबर एवं ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर सकते हैं। परिवार का कोई भी सदस्य पूरे परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकता है। इस प्रक्रिया में कुल 40 प्रश्न शामिल हैं, जो सामान्य एवं बुनियादी जानकारियों से संबंधित हैं। नागरिक अपनी सुविधानुसार घर बैठे मोबाइल फोन, लैपटॉप अथवा कंप्यूटर के माध्यम से इन प्रश्नों के उत्तर भरकर स्व-गणना पूरी कर सकते हैं। सफलतापूर्वक जानकारी सबमिट करने के उपरांत एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (Self Enumeration ID-SE ID) प्राप्त होगी, जिसे बाद में घर आने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध होने के उपरांत प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा। स्व-गणना न करने वाले परिवारों की जानकारी प्रगणक स्वयं एकत्र करेंगे, जबकि स्व-गणना पूर्ण करने वाले परिवार अपनी एसई आईडी प्रगणक को उपलब्ध कराएंगे। प्रगणकों द्वारा मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से सूचनाएं दर्ज की जाएंगी। इस बार स्व-गणना की सुविधा हिंदी सहित 16 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है। द्वितीय चरण में जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक, शैक्षिक, प्रवास, प्रजनन एवं अन्य संबंधित पहलुओं की जानकारी संकलित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके उपरांत 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा। जनगणना की संदर्भ तिथि 05 जनवरी 2027 को रात्रि 12 बजे निर्धारित है। उन्होंने बताया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के अंतर्गत संकलित सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों एवं विकास संबंधी नियोजन के लिए किया जाता है।
जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल जी ने जनपद के समस्त स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, फैक्ट्रियों एवं विभिन्न कार्यस्थलों पर कार्यरत नागरिकों से स्व-गणना अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो भी नागरिक मोबाइल, लैपटॉप अथवा कंप्यूटर का उपयोग करना जानते हैं, वे इस सरल ऑनलाइन प्रक्रिया से जुड़कर अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करें। अधिक से अधिक लोगों द्वारा स्व-गणना किए जाने से जनगणना का कार्य और अधिक सरल, सुगम एवं सुलभ बनेगा तथा प्रगणकों एवं नागरिकों दोनों को सुविधा होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के भविष्य की योजनाओं के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम है। अतः सभी जनपदवासी 30 नवंबर तक स्व-गणना अवश्य पूर्ण करें और देश की विकास यात्रा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।


