आगरा। सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के मैदान पर खेली जा रही जूनियर बॉयज फ्रेंडशिप क्रिकेट सीरीज के दूसरे मुकाबले में BECC पटियाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी को 4 विकेट से पराजित किया। इस जीत के साथ ही तीन मैचों की फ्रेंडशिप सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है।
सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के डायरेक्टर श्री राजीव सोई ने बताया कि टॉस जीतकर सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 30 ओवर के मुकाबले में सुख जीवन की टीम 79 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अर्नब कुनेल ने 25 रन, अरब जैन ने 21 रन तथा अभी यादव ने 10 रन बनाए। BECC पटियाला की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए यशराज ने 3, रवित ने 3 तथा गुफराज सिंह ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी BECC पटियाला की टीम ने 13.3 ओवर में 6 विकेट खोकर 80 रन बनाते हुए मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से गुफराज सिंह ने 25 तथा प्रिंस ने 26 रन बनाए। सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से गेंदबाजी में अभी यादव ने 3 तथा ओमकार ने 2 विकेट प्राप्त किए।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साहः मैच के अवसर पर मुख्य अतिथि बलदेव भटनागर एवं लक्ष्मण स्वरूप यादव ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शानदार खेल भावना के साथ खेलने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पटियाला की टीम के मैनेजर श्री H.S. Arora आगरा के कोच मनोज कुशवा तथा अन्य अतिथियों ने सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी में पौधारोपण किया। इस पहल का उद्देश्य खेल के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था, ताकि पटियाला की टीम की सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी से जुड़ी यादें हमेशा बनी रहें। कार्यक्रम में बंटी यादव, Academy, कोच समीर ख़ान ,अजय राजपूत, लोकेन्द्र यादव, दीपु यादव, राजेश सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
कल होगा सीरीज का निर्णायक मुकाबला
दोनों टीमों के बीच सीरीज का निर्णायक एवं अंतिम मुकाबला कल प्रातः 7:30 बजे सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के मैदान पर खेला जाएगा। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, जिससे अंतिम मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह है।


